रोजा/जिला शाहजहाँपुर - झाड़ फूँक के बहाने महिला को बेहोश कर लाखो के जेवर लेकर हुए फरार, पीड़िता ने लगाई कार्रवाई की गुहार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, जुलाई 29, 2026

रोजा/जिला शाहजहाँपुर - झाड़ फूँक के बहाने महिला को बेहोश कर लाखो के जेवर लेकर हुए फरार, पीड़िता ने लगाई कार्रवाई की गुहार

https://www.newsindia17.com/roza-shahjahanpur-jhad-phoonk-ke-bahane-mahila-ko-behosh-kar-lakhon-ke-jewar-lootkar-farar
पूर्णतया एआई जनरेटेड इमेज 

जिला शाहजहाँपुर के रोजा थाना क्षेत्र से झाड़फूंक के बहाने एक महिला के घर मे घुसकर की गयी लाखो की चोरी की घटना सामने आयी है। यहाँ दो अज्ञात लोगो ने झाड़फूंक के नाम पर एक महिला को बेहोश कर घर की अलमारी मे रखे लाखो रूपये कीमत के जेवर चोरी कर लिए। इस मामले मे पीड़िता ने अपनी महिला सहकर्मी की भूमिका पर भी संदेह जताया है। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।


थाना क्षेत्र के गुर्री निवासी गीता देवी ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया कि वह एक निजी कम्पनी मे काम करती है। गत 25 जुलाई को वह अपनी महिला सहकर्मी के साथ ऑटो से घर लौट रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्ति भी उसी ऑटो में सवार हुए और महिला सहकर्मी से बातचीत करने लगे। उनकी बातचीत से ऐसा प्रतीत हुआ कि दोनों पहले से एक-दूसरे को जानते थे। पीड़िता का आरोप है कि उन दोनों व्यक्तियों ने उसे बताया कि उनके घर पर भूत-प्रेत का साया है और झाड़फूंक कर इसे दूर किया जा सकता है। महिला सहकर्मी ने भी उनकी बातों का समर्थन किया और गीता देवी उनके झांसे में आ गईं। इसके बाद दोनों आरोपी महिला सहकर्मी के साथ उसके घर पहुंच गए।


गीता देवी के अनुसार शाम के समय आरोपियों ने एक रूमाल उसके सामने झटका, जिसके बाद वह बेहोश हो गईं। आरोप है कि इसी बेहोशी की हालत का फायदा उठाकर बदमाशों ने अलमारी में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण निकाल लिए और मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद होश मे आयी गीता देवी ने देखा कि अलमारी मे रखे जेवर व उसकी महिला सहकर्मी भी मौके से गायब है। इस कारण पीड़िता ने पूरी घटना में सहकर्मी की संलिप्तता की आशंका जताई है।


रोजा थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।


News India 17 आमजन से अपील करता है कि अंधविश्वास, झाड़फूंक या तंत्र-मंत्र के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति की बातों में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या