भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम बरेली ने जिला बदायूँ के जरीफनगर बिजलीघर पर तैनात दो कर्मचारियो को एक किसान से रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ट्यूबवेल का जला ट्रांसफॉर्मर बदलवाने और बिजली बिल माफ कराने के नाम पर किसान से रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया और आज गुरुवार दोपहर जरीफनगर स्थित बिजलीघर में कार्रवाई को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ सहसवान कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।
उक्त मामला जरीफनगर थाना क्षेत्र के गाँव मोहम्मदपुर कुड़ई से जुड़ा है। बताया गया कि गांव निवासी किसान सर्वेश कुमार के खेत में लगा ट्यूबवेल का ट्रांसफॉर्मर जल गया था। किसान के मुताबिक नया ट्रांसफॉर्मर लगवाने और बिजली का बिल माफ कराने के लिए बिजलीघर में तैनात कर्मचारियों ने उससे 12 हजार रुपये की मांग की थी। किसान ने रिश्वत मांगे जाने की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो बरेली से करते हुए कार्रवाई किये जाने की गुहार लगाई थी। एंटी करप्शन ब्यूरो ने किसान की शिकायत का सत्यापन किये जाने के बाद आरोपियो को पकड़ने के लिए एक ट्रैप टीम का गठन किया। पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम आज बुधवार की दोपहर लगभग सवा तीन बजे जरीफनगर पहुँच गयी। प्रभारी निरीक्षक इश्तियाक वारसी नेतृत्व मे आयी टीम ने किसान को रिश्वत की रकम देकर आरोपियो के पास भेज दिया। बिजलीघर मे तैनात हरदेवा राम और मानक चंद्र ने जैसे ही किसान से रूपये लिए मौके पर तैनात एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने दोनो को दबोच लिया। टीम ने आरोपियो के पास से रिश्वत मे ली गयी रकम भी बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरदेवा राम पुत्र स्वर्गीय नंदराम और मानक चंद्र पुत्र स्वराज सिंह यादव के रूप में हुई है। हरदेवा राम राजस्थान के नागौर जिले के मारोठ थाना क्षेत्र के ग्राम जीवनवार का रहने वाला है और जरीफनगर स्थित बिजलीघर में टीजी 2 के पद पर तैनात बताया गया है। वहीं दूसरा आरोपी मानक चंद्र जरीफनगर थाना क्षेत्र के ग्राम आरिफपुर भक्ता नगला का निवासी है। वह इसी बिजलीघर में संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत था।
रिश्वत लेते पकड़े जाने के बाद दोनों कर्मचारियों को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई की गई। एंटी करप्शन टीम की ओर से दोनों आरोपियों के खिलाफ सहसवान कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में भी हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।
| अभी तक पाठक संख्या |

