उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा से केंद्रीय लोक शिकायत निवारण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं अधिवक्ता आलम मलिक को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया गया कि उन्हें ये धमकी पाकिस्तान का विरोध करने व हलाला जैसी प्रथा मे बदलाव की मांग करने पर दी गयी है। परिषद के पदाधिकारियों का आरोप है कि सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने के बाद आलम मलिक को पाकिस्तान की ओर से धमकी दी गई। मामले को गंभीर बताते हुए संगठन के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक अमरोहा को ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
आज मंगलवार को पुलिस अधीक्षक को दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि आलम मलिक अधिवक्ता होने के साथ सामाजिक कार्यकर्ता भी हैं और लंबे समय से विभिन्न जनहित एवं सामाजिक सुधार के मुद्दों को लेकर सक्रिय हैं।ज्ञापन के मुताबिक आलम मलिक ने सार्वजनिक रूप से पाकिस्तान का विरोध करने के साथ ही हलाला प्रथा में आवश्यक बदलाव की मांग उठाई थी। आरोप है कि इन मुद्दों पर अपनी राय रखने के बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी मिलने के मामले में थाना अमरोहा देहात में मुकदमा दर्ज कराए जाने की बात भी परिषद के पदाधिकारियों ने कही है। संगठन ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए धमकी देने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
पदाधिकारियों का कहना है कि आलम मलिक राष्ट्रीय स्तर के पद पर रहते हुए सामाजिक एवं जनहित के मुद्दों को उठाते हैं। ऐसे में उन्हें मिली धमकी को केवल व्यक्तिगत मामला नहीं माना जा सकता। इससे उनके सामाजिक कार्यों और सार्वजनिक गतिविधियों पर भी असर पड़ सकता है।
परिषद की ओर से पुलिस अधीक्षक से आलम मलिक को शीघ्र पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। संगठन का कहना है कि किसी भी व्यक्ति को जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखने का अधिकार है और धमकी देकर उसकी आवाज दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि आलम मलिक को जल्द सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई तो परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। संगठन ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी भी दी है।
फिलहाल पुलिस प्रशासन से मामले की जांच और धमकी की सत्यता सामने लाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्रवाई की मांग की जा रही है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही धमकी देने वाले व्यक्ति या समूह के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

