बरेली/उत्तर प्रदेश - जिस थाने मे हुआ था निकाह 35 दिन बाद उसी के बाहर हुआ तीन तलाक, पति समेत 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, अगस्त 20, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - जिस थाने मे हुआ था निकाह 35 दिन बाद उसी के बाहर हुआ तीन तलाक, पति समेत 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज

newsindia17.com/bareilly-thane-me-nikah-ke-35-din-baad-teen-talaq-7-par-fir

उत्तर प्रदेश के बरेली से निकाह और तीन तलाक से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ जिस थाने मे गत 18 मई को निकाह कराया गया था उसी थाने के बाहर पति द्वारा तीन तलाक दिए जाने का आरोप लगा है। पुलिस ने पीड़िता द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर पति समेत 7 अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। पीड़िता में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय की गुहार लगाई है।


सीबीगंज थाना क्षेत्र के गाँव बुधौलिया गाँव निवासी आलिया आयु 18 वर्ष ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि इसकी बड़ी बहन साजिया का निकाह 1 मार्च 2024 को हुआ था। मिनी बाईपास स्थित ब्लू मून मैरिज हाल मे आयोजित इस कार्यक्रम मे मैरिज हाल के मालिक तस्लीम रजा भी अपने परिवार के साथ मौजूद थे। इसी कार्यक्रम के दौरान आलिया की मुलाकात तस्लीम रजा के पुत्र इमरान रजा खां से हुई थी। ये जान पहचान धीरे धीरे आगे बढ़ी और प्रेम प्रसंग मे बदल गई। आलिया के अनुसार इस प्रेम प्रसंग के चलते दोनों करीब 2 वर्ष तक लिव इन रिलेशन मे भी रहे। आलिया के अनुसार कई बार शादी करने को कहने पर भी इमरान लगातार टालता रहा।


आलिया के अनुसार शादी के लिए दबाब बनाने पर इमरान और उसके परिजनो ने विरोध शुरू कर दिया। इस सबसे तंग आकर आलिया ने वर्ष 2025 मे थाना प्रेमनगर मे पोक्सो एक्ट के तहत मुकदमा भी दर्ज कराया था। उस समय वह नाबालिग थी। इस मुकदमे से बचने के लिए इमरान और उसके परिजन निकाह कराने को राजी हो गए थे। इस रजामंदी के बाद 18 मई 2026 को थाना किला परिसर में आलिया और इमरान का निकाह हो गया था।


आरोप है कि थाने में हुए इस निकाह के बाद ही इमरान और उसके परिजनो ने अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए आलिया को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। इमरान और उसके परिजन दहेज में 10 लाख रूपये नकद और स्कॉर्पियो कार की मांग कर रहे थे। इस मांग के पूरा न होने पर आलिया के साथ मारपीट की जाने लगी। ससुराल पक्ष की प्रताड़नाओ से तंग आ चुकी आलिया ने 7 जून 2026 को इस मामले की  शिकायत भी थाना किला मे ही की थी।


पीड़िता के अनुसार इस विवाद के निस्तारण के लिए पुलिस ने गत  22 जून 2026 को दोनों पक्षों को किला थाने बुलाया था। आरोप है कि इस दौरान थाना परिसर के बाहर हुई बातचीत मे इमरान व उसके परिजनो ने उसके साथ गाली गलौज की। इसी बीच इमरान ने उसे तीन तलाक दे दिया और सम्बन्ध समाप्त कर लिए। इस पूरे मामले में खास ये है कि गत 18 मई को जिस थाना परिसर मे आलिया का निकाह हुआ था उसी के बाहर मात्र 35 दिन बाद पति ने उसे तीन तलाक दे दिया।


किला थाना पुलिस ने आलिया की शिकायत के आधार पर इमरान रजा खां समेत सात लोगों को नामजद किया है। मुकदमे में इमरान रजा खां, उसके पिता तस्लीम रजा खां, रुबी, गुडिया, सलीम उर्फ पप्पन रजा खां, सानिया खान और जोहा को आरोपी बनाया गया है। मुकदमे मे दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी और तीन तलाक से संबंधित आरोप लगाए गए हैं। 


पुलिस के मुताबिक पीड़िता द्वारी दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


आलिया ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले में न्याय की मांग की है। उसका कहना है कि उसके पिता नहीं हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उसने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़िता का कहना है कि उसके साथ हुई घटनाओं की पूरी सच्चाई निष्पक्ष जांच के बाद सामने आनी चाहिए। फिलहाल पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।


नोट: यह समाचार  पीड़िता की शिकायत और FIR में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और न्यायिक निष्कर्ष अभी सामने आना बाकी है।

free web counter
अभी तक पाठक संख्या