देवरनियां/जिला बरेली - पुलिस ने किया अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की गयी 5 बाइक बरामद - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, अगस्त 22, 2026

देवरनियां/जिला बरेली - पुलिस ने किया अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की गयी 5 बाइक बरामद

newsindia17.com/2026/08/devaraniya-bareilly-interstate-bike-chor-gang-busted-2-arrested-5-stolen-bikes-recovered.html

जिला बरेली की देवरनियां थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच बाइकें बरामद की हैं। इसके अलावा मास्टर चाबियों का गुच्छा, एक मोबाइल फोन और 2,110 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य पुलिस को चकमा देकर फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त की रात देवरनियां थाना पुलिस क्षेत्र में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोककर पूछताछ की गई। दोनों ने अपना नाम फुरकान और छोटे बताया। पुलिस ने ई-चालान ऐप के जरिए बाइक के नंबर की जांच की तो पता चला कि यह वाहन देवरनियां थाने में दर्ज चोरी के एक मामले से संबंधित है।


इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने अपने साथी शाने आलम के बारे में जानकारी दी, जो फिलहाल फरार है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ग्राम कनमन से इटौआ जाने वाले रास्ते पर स्थित एक पुराने और खंडहरनुमा ईंट भट्ठे से चार और चोरी की बाइकें बरामद कर लीं। इस कार्रवाई में कुल पांच चोरी की बाइक पुलिस के हाथ लगीं।


पूछताछ के दौरान गिरोह के चोरी करने और वाहनों को ठिकाने लगाने के तरीके का भी खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को सुनसान स्थानों या खंडहरनुमा जगहों पर छिपा दिया जाता था। इसके बाद बाइक के चेसिस नंबर मिटाकर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई जाती थी और राह चलते लोगों को बेचने की कोशिश की जाती थी।


पुलिस के मुताबिक, जिन चोरी की बाइकों को बेचने में सफलता नहीं मिलती थी, उन्हें गिरोह का फरार सदस्य शाने आलम काटकर कबाड़ में बेच देता था। अब पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में दूसरे थानों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन बाइकों की चोरी किन घटनाओं में हुई थी और गिरोह ने अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।


सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि देवरनियां पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी फुरकान के खिलाफ बरेली और रामपुर में पांच मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, चोरी और धोखाधड़ी से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं, छोटे के खिलाफ बरेली में दो मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।


देवरनियां पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी और संगठित अपराध समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस अब फरार आरोपी शाने आलम की गिरफ्तारी के साथ-साथ गिरोह से जुड़ी अन्य चोरी की वारदातों का पता लगाने में जुटी है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या