आज मंगलवार की सुबह फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र मे डा0 भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा लगाने को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्ष आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी, जिससे कुछ समय के लिए गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी व एसडीएम भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियो द्वारा समझाये जाने पर भीड़ शांत हुई।
उक्त मामला थाना सहित के गाँव सीकरी मे सार्वजनिक स्थान पर डा0 भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा लगाए जाने से जुड़ा है। बताया गया कि एक पक्ष गांव के सार्वजनिक स्थल पर डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। प्रतिमा स्थापित करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, लेकिन मामला धीरे-धीरे बहस और कहासुनी में बदल गया। विवाद बढ़ने की आशंका के चलते आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ने से स्थिति को लेकर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण, एसडीएम व सीओ के साथ ही थाना अध्यक्ष फैजगंज बेहटा तीन थानों के पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के साथ दोनों पक्षों के लोगों से बातचीत की। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की ऐसी गतिविधि से बचने की अपील की, जिससे विवाद और बढ़ सकता है। अधिकारियों के हस्तक्षेप और समझाने के बाद मौके पर जुटी भीड़ को शांत कराया गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने गांव में निगरानी भी बढ़ा दी है।
एसडीएम ने दोनों पक्षों को स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थल पर किसी भी प्रकार का निर्माण अथवा प्रतिमा स्थापना प्रशासन की अनुमति के बिना नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानून और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही किया जाएगा। सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने ग्रामीणों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर भरोसा न करें। किसी भी प्रकार की भड़काऊ गतिविधि सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही गई।
प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। एहतियात के तौर पर पुलिस गांव में निगरानी बनाए हुए है। प्रशासन पूरे मामले पर नजर रख रहा है, ताकि विवाद दोबारा न बढ़े और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं शांति बनी रहे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

