विभिन्न साम्प्रदायिक मामलो को लेकर सुर्ख़ियो मे बने रहने वाला उत्तर प्रदेश के जिला संभल से आपसी सौहार्द के एक मिसाल सामने आयी है। जनपद निवासी तमन्ना मलिक के बाद और एक और मुस्लिम युवक डाक कांवड़ लाने के लिया तीर्थ नगरी हरिद्वार पहुँचा है। डाक कांवड़ लाने वाला ये युवक हर की पौड़ी से लाये गए पवित्र गंगाजल द्वारा अपने गाँव स्थित प्राचीन शिव मंदिर मे भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सम्भल कोतवाली क्षेत्र के गाँव देहली निवासी मुजाहिद उर्फ़ छोटा पुत्र नेक्स कल शनिवार की शाम अपने 50 साथियो के साथ डाक कांवड़ लाने हेतु हरिद्वार रवाना हुए है। कांवड़ियों के इस जत्थे को पुलिस प्रशासन द्वारा भी विशेष सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराई गयी है। मुजाहिद ने बताया कि वह ऑटो रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। करीब 12 वर्ष पहले उनका तुनेजा से निकाह हुआ था। उनके दो बेटे अलफैज 10 वर्ष और अरसान 7 वर्ष हैं। मुजाहिद का कहना है कि उनकी सनातन धर्म में आस्था है और वह भगवान भोलेनाथ के भक्त हैं। उनके मन मे इच्छा थी कि एक बार हरिद्वार से गंगाजल लाएंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। इसी मन्नत को पूरा करने के लिए वह डाक कांवड़ लेने जा रहे है।
मुजाहिद उर्फ छोटा और उनके साथी मोहित कुमार के अनुसार वे रविवार शाम करीब 4 बजे हर की पौड़ी हरिद्वार से गंगाजल लेकर गांव के लिए रवाना होंगे। कल सोमवार सुबह करीब 7 से 9 बजे के बीच गांव देहली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में गंगाजल से भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा।
मुजाहिद की यह कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे का संदेश भी देती नजर आ रही है। स्थानीय स्तर पर उनके कांवड़ लाने को लेकर लोगों में उत्सुकता है और पुलिस-प्रशासन भी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

