जिला पीलीभीत के माधोटांडा थाना क्षेत्र मे कल शुक्रवार की रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड से क्षेत्र मे हड़कंप मच गया। आरोप है कि पत्नी ने पहले अपने पति को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया और बेहोश होने पर साड़ी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी महिला ने फरार होने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीणों और पुलिस की सक्रियता से उसे कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव लोहरीपुर निवासी उमाशंकर आयु 42 वर्ष और ममता आयु 37 वर्ष ने लगभग 20 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। इस समय दंपत्ति के दो बच्चे 18 वर्षीय बेटा विकास और 12 वर्षीय बेटी गीता है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा था। मृतक की बेटी ने पुलिस को बताया कि कल शुक्रवार रात अचानक तेज आवाज होने पर उसकी नींद खुल गई। उसने अपने भाई को जगाया और दोनों ने घर में तलाश की, लेकिन मां कहीं दिखाई नहीं दी। जब दोनों छत पर पहुंचे तो पिता बिस्तर पर अचेत पड़े थे और उनके गले में साड़ी लिपटी हुई थी। पिता की सांस न चलती देख उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई।
बेटी के अनुसार शाम के समय उसकी मां कोल्ड ड्रिंक लेकर आई थी। उसने पहले स्वयं पी और फिर बच्चों को भी पीने के लिए कहा, लेकिन दोनों ने मना कर दिया। इसके बाद वही कोल्ड ड्रिंक उमाशंकर ने पी थी और रात में दोनों छत पर सोने चले गए थे। दोनों बच्चे नीचे ही घर मे सो गए। ग्रामीणो ने पुलिस को बताया कि यदि पत्नी ने ही हत्या की है तो अभी अधिक दूर नही जा सकी होगी। इसके बाद पुलिस टीम और ग्रामीणो ने उसकी तलाश शुरू कर दी। तलाशी के दौरान मृतक की पत्नी घर से 300 मीटर दूरी पर एक खेत मे छिपी मिली।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वर्ष 2024 में उमाशंकर रोजगार के लिए गुजरात गया था। बाद में उसकी तबीयत खराब होने पर ममता भी उसकी देखभाल के लिए वहां पहुंची। इसी दौरान ममता की पहचान पड़ोस में रहने वाले एक युवक से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों ने कथित रूप से कोर्ट मैरिज कर ली थी। कुछ महीने बाद उमाशंकर अपनी पत्नी को वापस पीलीभीत ले आया, लेकिन इसके बाद भी पति-पत्नी के बीच विवाद खत्म नहीं हुआ। परिजनों का कहना है कि ममता अपने कथित प्रेमी के साथ रहने की जिद करती थी, जिससे परिवार में लगातार तनाव बना हुआ था। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे आरोपी महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
माधोटांडा थाना पुलिस ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: यह समाचार पुलिस की प्रारंभिक जांच, परिजनों के बयानों और उपलब्ध जानकारी पर आधारित है। मामले की जांच जारी है और अंतिम निष्कर्ष न्यायिक प्रक्रिया एवं जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होंगे।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

