शाहजहांपुर/उत्तर प्रदेश - जिला जेल मे हुई बंदी की संदिग्ध मौत पर उठे सवाल, मृतक की पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अगस्त 10, 2026

शाहजहांपुर/उत्तर प्रदेश - जिला जेल मे हुई बंदी की संदिग्ध मौत पर उठे सवाल, मृतक की पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

https://www.newsindia17.com/shahjahanpur-jail-prisoner-suspicious-death-wife-serious-allegations


कल रविवार की रात जिला जेल शाहजहांपुर मे हुई एक बंदी की मौत के बाद परिजनो ने जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए है। मृतक की पत्नी ने इस मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग की है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार सुधीर सिंह आयु 35 वर्ष को वारंट जारी होने के बाद गत 29 जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। जेल प्रशासन के अनुसार सुधीर सिंह को लीवर से संबंधित बीमारी थी। तबीयत खराब होने पर सुधीर को गत 4 अगस्त को जेल के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कल रविवार रात हालत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने सुधीर को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा था। बताया गया कि अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।


सुधीर की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी सुनहरी सिंह ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पति की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के मुताबिक उन्हें रात करीब नौ बजे सुधीर की तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिली थी। परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो वहां सुधीर को मृत पाया।


सुनहरी सिंह का आरोप है कि उनके पति पहले से बीमार थे और जेल में उन्हें नियमित रूप से दवाएं उपलब्ध नहीं कराई जाती थीं। उनका दावा है कि जेल प्रशासन की ओर से उन्हें दवाएं बाहर से लाने के लिए कहा गया था। पत्नी के मुताबिक वह हर दूसरे-तीसरे दिन घर से सुधीर के लिए दवाएं लेकर जेल जाती थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि जेल प्रशासन को उनके पति की बीमारी की जानकारी थी तो उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें समय रहते बेहतर चिकित्सा सुविधा क्यों नहीं उपलब्ध कराई गई। सुनहरी सिंह ने अपने पति के शव को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि सुधीर के शरीर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे और मुंह से खून निकल रहा था। उन्होंने मुंह के अंदर खून लगा कपड़ा होने का भी दावा किया।


मृतक की पत्नी ने बताया कि सुधीर को जेल भेजे जाने से पहले अदालत में हुई सुनवाई के दौरान उनकी बीमारी से संबंधित मेडिकल रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई थीं। उनका दावा है कि रिपोर्ट में उनकी तबीयत गंभीर होने की बात सामने आई थी। इसके बावजूद उन्हें जेल भेजा गया। सुनहरी सिंह ने सवाल उठाया कि जब उनके पति की तबीयत पहले से खराब थी तो जेल प्रशासन ने उन्हें किसी बेहतर अस्पताल में भर्ती क्यों नहीं कराया।


इन परिस्थितियों को आधार बनाकर पत्नी ने पति की हत्या की आशंका जताई है और पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मौत की वास्तविक वजह जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


पति की मौत के बाद सुनहरी सिंह अपने तीन बच्चों दिव्या, नव्या और नैतिक के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने भावुक होकर कहा कि पति की मौत के बाद अब बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी उनके ऊपर आ गई है।मृतक के चचेरे भाई शिवम ने बताया कि वर्ष 2023 में गांव में ही सुधीर के पिता से विवाद हुआ था। परिवार के लोगों ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है।


फिलहाल सुधीर सिंह की मौत को लेकर जेल प्रशासन का पक्ष सामने आया है कि उनकी तबीयत खराब होने पर उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या