जिला शाहजहाँपुर के सिधौली थाना क्षेत्र मे कल शुक्रवार की रात 19 वर्षीय युवक का शव खेत मे नग्नवस्था मे पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बरौरा गांव निवासी मुकेश के रूप में हुई है। परिजनों ने युवक की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस की शुरुआती जांच में सांप के डसने की संभावना सामने आ रही है। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मौत का असली कारण स्पष्ट हो सकेगा।
परिजनो ने बताया कि मुकेश कल शुक्रवार शाम करीब चार बजे बाइक लेकर से घर से निकला था। इसके बाद रात लगभग आठ बजे उसका शव नग्नवस्था मे गांव से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में पड़ा मिला। घटनास्थल से करीब 100 मीटर की दूरी पर उसकी बाइक भी पड़ी मिली। युवक के कपड़े भी शव के पास ही मिले, जिसके चलते घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। खेत में मिले मुकेश को परिजन पहले एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद भी परिजन मुकेश को सर्पदंश का उपचार करने और झाड़ फूँक वालो के पास भी ले गए। इन सभी ने भी मुकेश को मृत ही बताया।
परिजनों ने मुकेश की मौत पर संदेह जताते हुए पुलिस को बताया कि उसके गले पर सूजन और पैर की एक उंगली पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर परिवार ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, परिजनों ने किसी व्यक्ति से रंजिश होने की बात से इनकार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में युवक की मौत सांप के डसने से होने की आशंका जताई गई है। पुलिस के अनुसार, खेत में युवक को सांप ने डसा हो सकता है। आसपास के लोगों से पूछताछ में यह बात भी सामने आई कि खेत की ओर से युवक की चीख सुनाई दी थी।
घटनास्थल के पास एक नाला भी मौजूद है। पुलिस को आशंका है कि संभवतः युवक नहाने के लिए वहां गया हो और इसी दौरान यह घटना हुई हो। हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी रविंद्र सिंह के मुताबिक युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि युवक की मौत सांप के डसने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी.
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

