बरेली/उत्तर प्रदेश - जिम के बाहर खड़ी कार तोड़ने के मामले ने लिया संघर्ष का रूप, किन्नर ने जिम मालिक पर लगाए मारपीट के आरोप - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अगस्त 10, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - जिम के बाहर खड़ी कार तोड़ने के मामले ने लिया संघर्ष का रूप, किन्नर ने जिम मालिक पर लगाए मारपीट के आरोप

https://www.newsindia17.com/bareilly-gym-car-vandalism-kinner-assault-allegations


बरेली महानगर के रामपुर गार्डन स्थित हीलियोस जिम के बाहर कार मे तोड़फोड़ के मामले को लेकर शुरू हुआ विवाद अब मारपीट और कथित अभद्रता के आरोपों तक पहुंच गया है। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोतवाली पुलिस ने इस मामले में जिम संचालक समेत कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जिम संचालक समेत कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।


कोहाड़ापीर निवासी सलमान उर्फ मन्नू सूरी खुद को थर्ड जेंडर बताती हैं। मन्नू के मुताबिक गत सात अगस्त की सुबह उसके मुंहबोले भाई विशाल ने फोन कर बताया कि हीलियोस जिम के बाहर खड़ी उसकी गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी गई है। सूचना मिलने पर मन्नू जिम पहुंचीं और संचालक अश्वनी शर्मा से मामले के बारे में जानकारी की। संचालक ने इस घटना की जानकारी होने से इनकार किया, जिसके बाद मन्नू और उनके साथी वापस लौट गए।


मन्नू का आरोप है कि उसी रात करीब 10 बजे जिम संचालक ने उसके साथी को फोन किया और बताया कि गाड़ी में तोड़फोड़ करने वाले व्यक्ति के बारे में जानकारी मिल गई है। इसके बाद मन्नू अपने साथियों के साथ दोबारा जिम पहुंचीं। आरोप के मुताबिक वहां जिम संचालक अश्वनी शर्मा के साथ सुशील, अंकित, अजय समेत अन्य लोग मौजूद थे। मन्नू ने आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान उनके साथ अभद्रता की गई और विरोध करने पर उनके तथा साथ आए लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।


मन्नू ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान इलाके के कुछ अन्य थर्ड जेंडर लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने भी मन्नू और उनके साथियों के साथ मारपीट की। मन्नू के मुताबिक उनके कपड़े उतारकर जबरन जेंडर चेक किया गया और पुरुष बताते हुए उनके साथ मारपीट की गई। मन्नू ने घटना के दौरान जान से मारने की कोशिश किए जाने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।


घटना से संबंधित एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। सीओ प्रथम आशुतोष शिवम के मुताबिक जिम संचालक अश्वनी शर्मा समेत कुछ नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने अश्वनी शर्मा समेत कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।


पुलिस वायरल वीडियो मौके पर मौजूद लोगों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विवाद की शुरुआत किस वजह से हुई और मारपीट व अन्य लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या