जिला बदायूँ के कादरचौक थाना क्षेत्र से मकान निर्माण को लेकर हुए विवाद मे एक बुजुर्ग की मौत का मामला प्रकाश मे आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान हुई धक्का मुक्की के दौरान बुजुर्ग जमीन पर गिरकर बेहोश हो गए और अस्पताल ले जाने पर चिकित्सको ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले मे मृतक के पुत्र द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर तीन लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जाँच मे जुटी है।
थाना क्षेत्र के गाँव गरौलिया गांव निवासी नेकपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मकान में निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान गांव के रामवीर, उसका बेटा सत्यवीर और पत्नी वहां पहुंच गए। आरोप है कि इन तीनों ने मकान निर्माण को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। बताया गया कि विरोध करने पर ये विवाद बढ़ गया और मौके पर मौजूद रहे बुजुर्ग रामस्वरूप के साथ धक्का-मुक्की की गई। इस धक्का मुक्की में रामस्वरूप जमीन पर गिर गए और बेहोश हो गए।
नेकपाल के अनुसार इस घटना के समय वह मकान की छत पर मौजूद था। शोर सुनकर वह मौके पर पहुंचा और देखा कि आरोपी वहां से जा चुके थे। उसके पिता रामस्वरूप जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़े थे। परिजन रामस्वरूप को लेकर सीएचसी कादरचौक लेकर पहुंचे। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बदायूं के सरकारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन बुजुर्ग को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने नेकपाल द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर नामजद किये गए तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि बुजुर्ग की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर मामले में आगे की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

