आज सोमवार की सुबह कछला घाट से गंगाजल लेकर पैदल गांव लौट रही 60 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। कादरचौक थाना क्षेत्र मे हुए इस हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका के बेटे ने बाइक सवार तीन युवकों पर हादसे के बाद उसकी मां के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने एक युवक को पकड़ लिया है जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
मृतका की पहचान कादरचौक थाना क्षेत्र के मौसमपुर पट्टी गांव निवासी दरियाव सिंह की पत्नी सुकुमा आयु 60 वर्ष के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक सुकुमा कल रविवार शाम गांव के अन्य कांवड़ियो व अपने नाती-पोतों के साथ कछला गंगा घाट गयी थी। रात में गंगाजल भरने के बाद वह कांवड़ जत्थे के साथ उझानी क्षेत्र के वुर्रा गांव स्थित शिव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पैदल लौट रही थीं। बताया गया कि आज सोमवार की सुबह करीब चार बजे जब ये जत्था फतेहपुर गांव के पास पहुंचा था पीछे से आई तेज रफ्तार बाइक ने सुकुमा को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मृतका के बेटे ऊधल का आरोप है कि हादसे के बाद बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसकी मां के साथ मारपीट की और उन्हें बेहोशी की हालत में छोड़कर भागने लगे। जत्थे में शामिल अन्य लोगों ने आरोपियों का पीछा किया और एक युवक को पकड़ लिया। दो अन्य युवक मौके से फरार होने मे सफल रहे। साथी कांवड़िये गंभीर रूप से घायल हुई सुकुमा को उझानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। जहाँ डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। महिला की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर उन्हें शांत कराया।
पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले में एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि फरार दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के साथ ही महिला के साथ मारपीट किए जाने के आरोप की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

