जिला रामपुर के अजीमनगर थाना क्षेत्र से घर पर मौजूद रही अकेली किशोरी को धमकाकर पड़ोसी दंपत्ति द्वारा नकदी व जेवर चोरी किये जाने का मामला प्रकाश मे आया है। इस मामले मे किशोरी के परिजनो द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के गांव दौकपुरी टांडा निवासी मोहम्मद हारुन ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि वे अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए हुए थे। इस दौरान उनकी नाबालिग बेटी घर पर अकेली थी। आरोप है कि इसी बीच पड़ोस में रहने वाले दंपती घर में पहुंचे और किशोरी को डराकर घर में रखी नकदी व सोने के जेवर अपने कब्जे में ले लिए। परिजनों का दावा है कि घर के एक बक्से में करीब चार लाख रुपये नकद रखे थे। वहीं, दूसरे संदूक में सोने के आभूषण रखे हुए थे। आरोप है कि घटना के बाद दंपती ने किशोरी को किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
परिजनो के अनुसार करीब तीन दिन बाद पैसों की जरूरत पड़ने पर उन्होंने बक्सा खोला और देखा कि उसमें रखी नकदी गायब है। दूसरे संदूक की जांच किये जाने पर उसमे रखे सोने के जेवर भी गायब मिले। परिजनों द्वारा की गयी पूछताछ में किशोरी पड़ोसी महिला और उसके पति पर चोरी करने का आरोप लगाया और परिवार को घटना की जानकारी दी। परिजनों कहना है कि किशोरी के मोबाइल में मौजूद एक रिकॉर्डिंग सामने आई है। परिवार का दावा है कि रिकॉर्डिंग में आरोपी महिला कथित तौर पर नकदी और जेवर निकालने की बात कर रही है। हालांकि, रिकॉर्डिंग की वास्तविकता और उसमें कही गई बातों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद परिजन किशोरी को साथ लेकर अजीमनगर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी। शिकायत के आधार पर दौकपुरी टांडा निवासी समरा और कमर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले से जुड़े सभी तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपों की पुष्टि के लिए मामले की जांच में जुटी है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

