मूंढापांडे/जिला मुरादाबाद - दहेज की माँग पूरी न होने पर जलाये विवाहिता के हाथ, मारपीट कर घर से निकाला, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, अगस्त 21, 2026

मूंढापांडे/जिला मुरादाबाद - दहेज की माँग पूरी न होने पर जलाये विवाहिता के हाथ, मारपीट कर घर से निकाला, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार

moondhapande-moradabad-dahej-ki-maang-puri-na-hone-par-vivahita-ke-haath-jalaye-maarpeet-ghar-se-nikala

जिला मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना क्षेत्र से दहेज प्रताड़ना का एक गंभीर मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ एक विवाहिता ने अपने पति व ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट, प्रताड़ना और हाथ जलाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि ससुराल पक्ष के कुछ लोगों ने उस पर बुरी नीयत रखनी शुरू कर दी थी। पीड़िता ने पुलिस को मामले की तहरीर देकर आरोपियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की गुहार लगाई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला रामपुर के भोट थाना क्षेत्र अंतर्गत गाँव मिलक वादुल्ला निवासी नवाब जान की पुत्री गुलशाना का निकाह करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मूंढापांडे थाना क्षेत्र के गाँव बरवाला खास निवासी मुन्तियाज पुत्र हनीफ उर्फ़ लाला के साथ हुआ था। पीड़िता ने आज शुक्रवार को पुलिस को दी गयी तहरीर मे बताया कि निकाह के समय उसके परिजनों ने हैसियत के अनुसार पर्याप्त दान दहेज देकर उसे विदा किया था। निकाह के बाद भी करीब तीन महीने तक सब कुछ सामान्य रहा। इसके बाद ससुराल वालो ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया।


आरोप है कि पति मुंतियाज, ससुर हनीफ, सास शहाना, जेठ जाबेद, देवर इंतियाज, ननद शाइस्ता और जेठानी आमना ने दहेज को लेकर उसके साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि गर्भावस्था के दौरान भी उसके साथ ज्यादती की गई और गर्भ में पल रहे बच्चे को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया। किसी तरह उसने बच्चे को बचाया। बेटे के जन्म के बाद ये उत्पीड़न बढ़ गए। पीड़िता के अनुसार ससुरालियों ने उसे  'बदसूरत' कहकर अपमानित किया। आरोप है कि उससे मायके से दो लाख रुपये और बुलेट मोटरसाइकिल लाने की मांग की गई। विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर उसके हाथ जलाने और बच्चे को उससे अलग करने की कोशिश करने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।


पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया गया कि कल गुरुवार शाम को हुए विवाद के दौरान पति, ससुर, सास, जेठ, देवर और ननद ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से बाहर निकाल दिया। घटना की जानकारी मिलने पर  मौके पर आये पीड़िता के मायके वालो के साथ भी आरोपियो ने  मारपीट की। गुलशाना ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग की है। उसने मारपीट, हाथ जलाने और बच्चे को छीनने के आरोपों की जांच कर न्याय की गुहार लगाई है।


थाना प्रभारी मूंढापांडे मोहित चौधरी ने बताया कि महिला की ओर से मारपीट के संबंध में प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


नोट: मामले में लगाए गए आरोप पीड़िता की तहरीर पर आधारित हैं। पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी।

free counter
अभी तक पाठक संख्या