नगीना/जिला बिजनौर - दहेज की माँग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, अगस्त 21, 2026

नगीना/जिला बिजनौर - दहेज की माँग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाला, पीड़िता ने लगाई न्याय की गुहार



nagina-bijnor-dahej-ki-mang-puri-na-hone-par-vivahita-ko-marpit-kar-ghar-se-nikala
जिला बिजनौर के नगीना थाना क्षेत्र से दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाले जाने का मामला सामने आया है।  पीड़िता ने कल गुरुवार देर शाम पुलिस को दी गयी तहरीर मे ससुराल पक्ष पर दहेज में 10 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।  शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मुरादाबाद महानगर के गोपाल भवन निवासी स्वर्गीय संजय वर्मा की पुत्री आंचल वर्मा का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व नगीना के मोहल्ला सरायमीर निवासी अमित वर्मा पुत्र बृजेश वर्मा के साथ हुआ था।  विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से उस पर दहेज में 10 लाख रुपये नकद लाने का दबाव बनाया जा रहा था।

आंचल के अनुसार मांग का विरोध करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया।  उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने उसके डेढ़ वर्षीय पुत्र को उससे अलग कर दिया।  इसके अलावा विवाहिता ने अपनी सास पर सोने के जेवर छिपाकर रखने तथा ससुर पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गत 19 अगस्त को 10 लाख रुपये की मांग को लेकर एक बार फिर विवाद हुआ। आरोप है कि इस विवाद के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से दिया।  इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत करते हुए मदद मांगी।

विवाहिता के मुताबिक घर से अपने कपड़े लेने के लिए भी उसे पुलिस की सहायता लेनी पड़ी।  पुलिस की मौजूदगी में उसे कपड़ों से भरा बैग दिलाया गया।  आंचल ने बताया कि इससे पहले भी 26 फरवरी को उसने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मारपीट के आरोप लगाते हुए नगीना थाने में तहरीर दी थी।  अब दोबारा विवाद होने पर उसने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि विवाहिता की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।  जांच के बाद उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
counter
अभी तक पाठक संख्या