जिला मुरादाबाद के बिलारी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला प्रकाश मे आया है। यहाँ एक महिला ने उसके मकान में बतौर किरायेदार रह रहे उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही पर प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म किये जाने का गंभीर आरोप लगाया है। आरोप है कि सिपाही ने महिला का अश्लील वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी देकर उसका शोषण करता रहा। पीड़िता ने आरोपी पर 3 बार जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने सिपाही और उसके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के मुताबिक जिला बिजनौर के गाँव आदमपुर शामली का निवासी सुमित कोरी वर्ष 2023 से 2025 के बीच बिलारी नगर स्थित उसके मकान में किरायेदार के तौर पर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी। महिला का आरोप है कि सिपाही ने इसी का फायदा उठाकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील वीडियो रिकॉर्ड कर ली। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि इस दौरान वह तीन बार गर्भवती भी हुई मगर सिपाही ने दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। विरोध करने पर आरोपी वीडियो वायरल करने और उसके पति को झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देता था।
पीड़िता का आरोप है कि गत अप्रैल माह में सिपाही ने उसे बिलारी के एक होटल में बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना की जानकारी होने पर महिला के पति द्वारा आपत्ति जताये जाने पर सिपाही ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। सिपाही की हरकतो से तंग आकर महिला ने उसके भाई मोनू कोरी से मामले की शिकायत की और मदद मांगी। आरोप है कि मोनू ने भी मामले को सुलझाने के बजाय महिला के साथ मारपीट की और उसके पति को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।
मामले में सीओ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर सिपाही सुमित कोरी और उसके भाई मोनू कोरी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

