जिला बदायूँ की हजरतपुर थाना पुलिस ने कल गुरुवार की देर रात हुई मुठभेड़ के बाद किसान के साथ हुई एक लाख रूपये की टप्पेबाजी की वारदात मे शामिल 3 आरोपियो को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान तीनो आरोपी पुलिस की गोली लगने पर घायल हुए है। इस मुठभेड़ के दौरान एक कांस्टेबल भी घायल हुआ है। सभी घायलो को उपचार हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।
पाठको को बताना उचित होगा कि बहोरन सिंह पुत्र रामवीर सिंह, निवासी गाँव वारकलां, थाना क्षेत्र कलान, जिला शाहजहाँपुर ने गत 18 जुलाई 2026 को थाना क्षेत्र अलापुर के नखासा बाजार में अपनी भैंस एक लाख रुपये में बेची थी। भैंस की बिक्री से मिले रुपये उन्होंने अपने कुर्ते की जेब में रख लिए और टेम्पो से गांव के लिए रवाना हो गए। बताया गया कि अलापुर से टेम्पो के द्वारा म्याऊं पहुंचने के बाद बहोरन सिंह दूसरे टेम्पो में सवार हुए थे। इसी दौरान मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर ग्राम मरौरी के पास टेम्पो में बैठे दो लोगों ने वाहन रुकवाया और पीछे से आ रही बाइक पर बैठकर म्याऊं की ओर फरार हो गए।
युवको के जाने के कुछ देर बाद जब बहोरन सिंह ने देखा कि उनकी जेब में रखे एक लाख रुपये गायब है। उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब तक बाइक सवार आरोपी मौके से निकल चुके थे। इस मामले मे पीड़ित द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर उसांवा थाने मे मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज करने के बाद से ही पुलिस आरोपियो की तलाश मे जुटी थी।
कल गुरुवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश सिद्ध बाबा मंदिर के पास किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही उसावां और हजरतपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए म्याऊं-हजरतपुर मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस टीम को आया देख बदमाशों ने मौके से फरार होने का प्रयास किया और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गयी जवाबी कार्रवाई में तीन आरोपी पैरों में गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल राजू भी घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में सर्वजीत और गौरव समेत एक अन्य आरोपी शामिल है। तीनों आरोपी फर्रुखाबाद जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। घायल आरोपियों और कांस्टेबल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनका अलापुर में हुई एक लाख रुपये की टप्पेबाजी की घटना के अलावा अन्य आपराधिक वारदातों से भी कोई संबंध है या नहीं।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

