बिजनौर/उत्तर प्रदेश - स्मैक तस्करी नेटवर्क से जुड़ी महिला आरोपी गिरफ्तार, 254 ग्राम स्मैक व 66 हजार की नकदी बरामद, 3 सगी बहने पहुँची जेल - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अगस्त 05, 2026

बिजनौर/उत्तर प्रदेश - स्मैक तस्करी नेटवर्क से जुड़ी महिला आरोपी गिरफ्तार, 254 ग्राम स्मैक व 66 हजार की नकदी बरामद, 3 सगी बहने पहुँची जेल

newsindia17.com/bijnor-smack-smuggling-woman-arrested

पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा के कुशल निर्देशन में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिजनौर पुलिस ने 254.61 ग्राम स्मैक और 66,550 रुपये की नकदी के साथ एक महिला को गिरफ्तार  किया है। पुलिस के अनुसार महिला के पास से बरामद की गयी नकदी स्मैक की बिक्री से प्राप्त की गई थी। आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर बुधवार देर शाम न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।


प्राप्त जानकारी के अनुसार कल 4 अगस्त की देर शाम उपनिरीक्षक अंकुरपाल पुलिस टीम के साथ नूरपुर तिराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कृष्णा कॉलेज तिराहे के पास डिसेंट पब्लिक स्कूल की दीवार के नजदीक काले बुर्के में एक महिला स्मैक बेचने के लिए खड़ी है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और महिला को पकड़ लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम अंजुम पत्नी नौशाद, निवासी रहमत कॉलोनी, थाना कोतवाली शहर, बिजनौर बताया।


एनडीपीएस एक्ट की धारा 50 के प्रावधानों का पालन करते हुए सीओ सिटी की मौजूदगी में पकड़ी गयी महिला की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पर्स से पांच पॉलीथीन थैलियों में कुल 254.61 ग्राम स्मैक तथा 66,550 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ मे महिला ने स्मैक की बिक्री करने की बात स्वीकार की और बरामद नकदी को इसी कारोबार से जुड़ा बताया। पुलिस ने यह भी बताया कि महिला ने अभी स्मैक उपलब्ध कराने वाले नूरपुर क्षेत्र के एक व्यक्ति का नाम-पता स्पष्ट रूप से नहीं बताया है। पुलिस पूछताछ के आधार पर महिला से मिली जानकारी के आधार पर स्मैक सप्लाई करने वाले व्यक्ति की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। इसके साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी महिला किन लोगों के संपर्क में थी और नशीले पदार्थों की सप्लाई का नेटवर्क किस तरह संचालित किया जा रहा था।


पुलिस द्वारा की गयी जांच पड़ताल में सामने आया कि आरोपी अंजुम की दो सगी बहनें भी कथित रूप से स्मैक तस्करी के मामलों में पहले गिरफ्तार होकर जेल जा चुकी हैं। इनमें रहनुमा उर्फ नूरी और तब्बसुम के नाम सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक तब्बसुम को भी हाल ही में स्मैक और बिक्री से जुड़ी नकदी के साथ गिरफ्तार किया गया था। एक ही परिवार की तीन सगी बहनों के कथित रूप से नशीले पदार्थों की तस्करी के मामलों में गिरफ्तार होने के बाद पुलिस की जांच अब परिवार के संपर्कों और संभावित सप्लाई नेटवर्क की ओर भी बढ़ गई है।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले में परिवार के संपर्कों, आर्थिक लेन-देन और स्मैक की सप्लाई चेन की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं तथा नशीला पदार्थ कहां से लाया जाता था।


पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने पर कथित सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल गिरफ्तार महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है और मामले की विवेचना जारी है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या