दातागंज/जिला बदायूँ - चंदे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग में 18 वर्षीय युवती घायल, एक आरोपी गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अगस्त 05, 2026

दातागंज/जिला बदायूँ - चंदे के विवाद ने लिया हिंसक रूप, फायरिंग में 18 वर्षीय युवती घायल, एक आरोपी गिरफ्तार

newsindia17.com/dataganj-chanda-vivad-firing-yuvti-ghayal

जिला बदायूँ के दातागंज कोतवाली क्षेत्र में चंदा एकत्र करने को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक हो गया। इस विवाद के दौरान हुई कहासुनी में दो लोगों ने तमंचे से फायरिंग कर दी, जिसमें एक 18 वर्षीय युवती गोली लगने से घायल हो गई। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।


पुलिस के अनुसार उक्त घटना थाना क्षेत्र के गाँव बेनी नगला की है। गांव निवासी सुखपाल ने तहरीर देकर बताया कि मंगलवार को गांव में चंदा इकट्ठा करने के दौरान उनका जगतपाल और नन्हेलाल से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दोनों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान सुखपाल तो बाल-बाल बच गए, लेकिन पास खड़ी उनकी 18 वर्षीय बेटी के दाहिने हाथ में गोली लग गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और घायल युवती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।


घटना के तुरंत बाद सुखपाल, उनके भतीजे मचेंद्र और भांजे कल्लू ने एक आरोपी जगतपाल को मौके पर ही पकड़ लिया। उसके पास से तमंचा बरामद होने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।


पुलिस द्वारा की गयी पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी जगतपाल ने चंदे के विवाद में फायरिंग करने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और नाल में फंसा एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि तमंचे से हाल ही में फायर होने के संकेत मिले हैं।


उक्त मामले में पुलिस ने जगतपाल और नन्हेलाल के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। अवैध हथियार बरामद होने के चलते आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। फरार आरोपी नन्हेलाल की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है, जबकि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। घायल युवती की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या