वन विभाग द्वारा किये जा रहे तमाम प्रयासो व दावो के बाद भी जिला बिजनौर में गुलदार का लगातार आतंक बना हुआ है। गत कुछ वर्षो मे गुलदार द्वारा किये गए हमलो मे तीन दर्जन से अधिक लोगो की मौत हो चुकी है और तमाम घायल हो चुके है। ऐसा ही एक ताजा मामला जनपद के नगीना देहात थाना क्षेत्र से प्रकाश मे आया है। यहाँ कल सोमवार की देर रात गन्ने के खेत से निकला गुलदार एक आठ वर्षीय बालक को उठाकर ले गया। परिजनो व ग्रामीणो मचाये जाने पर गुलदार बच्चे को छोड़ भागा मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इस घटना पर भड़के ग्रामीणो ने मुआवजे व गुलदार को पकड़े जाने की मांग करते हुए देर रात तक हंगामा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव सिकनीवाला निवासी नरसिंह कल सोमवार की रात अपनी पत्नी के साथ घर के पास स्थित पशुशाला मे पशुओ को बाँधने गए थे। इस दौरान उनका पुत्र रवि आयु 8 वर्ष भी उनके साथ था। इसी दौरान पास ही स्थित गन्ने के खेत से निकले एक गुलदार ने रवि पर हमला कर दिया और उठाकर ले खेत के अंदर ले गया। गुलदार द्वारा बच्चे पर किये गए हमले के बाद माँ बाप ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास मौजूद अन्य ग्रामीण भी मौके पर आ पहुंचे और गुलदार का पीछा किया। ग्रामीणो द्वारा पीछा किये जाने व शोर मचाने पर गुलदार बच्चे को खेत मे छोड़कर जंगल की ओर भाग गया मगर तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष नगीना देहात सत्येंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेजने का प्रयास किया मगर घटना पर आक्रोशित ग्रामीणो ने गुलदार को पकड़े जाने और मुआवजे की मांग करते हुए शव पुलिस को सौंपने से इंकार कर दिया। ग्रामीणो द्वारा की जा रही इस मांग के चलते लगभग तीन घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
स्थिति की जानकारी मिलते ही सीओ नगीना राजेश सोलंकी व उप जिलाधिकारी प्रिंस कुमार भी मौके पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचे अधिकारियो ने किसी हंगामा कर रहे ग्रामीणो को समझाबुझाकर शांत किया और शासन द्वारा 5 लाख का मुआवजा दिलाये जाने का आश्वासन दिया। हंगामा शांत होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम को भेज दिया।
मासूम की मौत के बाद सिकनीवाला और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि गन्ने के खेतों और जंगल के आसपास गुलदार की गतिविधियां चिंता का विषय बनी हुई हैं। उन्होंने वन विभाग से गांव के आसपास पिंजरा लगाकर गुलदार को जल्द पकड़ने तथा ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

