जिला शाहजहांपुर के खुटार थाना क्षेत्र से एक नवविवाहिता का अपने बहनोई के साथ फरार होने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि महिला घर में रखा करीब छह तोला सोना, 500 ग्राम चांदी और एक लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गई है। घटना के समय उसका पति मजदूरी के सिलसिले में जालौन गया हुआ था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खुटार थाना क्षेत्र के गाँव जादीपुर निवासी आमिल ने पुलिस को दी गयी तहरीर में बताया कि उनके भाई सरफराज का निकाह 17 मई 2026 को पीलीभीत जिले के सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र निवासी यास्मीन के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद ही पति -पत्नी के बीच विवाद होने लगा था। आरोप है कि सरफराज को अपनी पत्नी और उसके बहनोई के बीच लगातार मोबाइल पर बातचीत होने का संदेह हुआ था। इस संदेह की पुष्टि के लिए उसने अपने मोबाइल में कॉल रिकॉर्डिंग की व्यवस्था की। कॉल रिकॉर्डिंग मे हुई बातचीत सामने आने के बाद महिला व उसके बहनोई के बीच सम्बन्ध होने की बात सामने आयी थी।
आरोप है कि सरफराज द्वारा इस सम्बन्ध को आगे न बढ़ाने को कहने पर पत्नी ने विरोध शुरू कर दिया और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगी। इसी बीच करीब 20 दिन पहले सरफराज मजदूरी करने के लिए जालौन चले गए। परिजनों का कहना है कि पति के बाहर जाने के बाद यास्मीन मायके चली गई थी। बाद में 25 जुलाई को उसे वापस ससुराल लाया गया था। आरोप है कि गत 26 जुलाई की रात उसने अपने बहनोई को घर बुलाया और घर में रखा करीब छह तोला सोना, आधा किलो चांदी तथा एक लाख रुपये नकद लेकर उसके साथ फरार हो गयी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना की जानकारी महिला के मायके पक्ष को देने पर उन्होंने भी सहयोग करने के बजाय अभद्रता की गई। आरोप है कि पूरी घटना पहले से बनाई गई साजिश का हिस्सा है और इसमें कई लोगों की भूमिका हो सकती है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
खुटार पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओ मे मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों नामजद आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी
नोट: यह मामला पुलिस में दर्ज शिकायत और पीड़ित पक्ष के आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

