![]() |
| मौके पर जुटी भीड़ के अतिरिक्त शव व जाँच करती पुलिस एआई जनरेटेड |
आज मंगलवार की सुबह जिला बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में बुजुर्ग महिला का शव घर के अंदर ही चारपाई पर पड़ा मिलने पर हड़कंप मच गया। ये घटना ऐसे समय सामने आई, जब एक दिन पहले ही जमीन के बंटवारे को लेकर परिवार की पंचायत हुई थी। ग्रामीणों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव मोहर सिंह गोटिया निवासी रीना देवी के पति रामप्रसाद का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। पति के निधन के बाद करीब 60 बीघा कृषि भूमि पत्नी रीना और दोनों बेटों कुंवर पाल तथा नरेश के नाम बराबर-बराबर दर्ज हुई थी। आरोप है कि पूरी जमीन पर बड़े बेटे नरेश का कब्जा था, जबकि मानसिक रूप से कमजोर बताए जा रहे छोटे बेटे कुंवर पाल और उनकी मां को हिस्से का लाभ नहीं मिल रहा था।
ग्रामीणों के मुताबिक रीना और कुंवर पाल ने गांव के लोगों से शिकायत की थी कि उन्हें खेती की पैदावार और जमीन में उनका अधिकार नहीं दिया जा रहा। इसी शिकायत पर सोमवार को गांव में पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में ग्रामीणों ने नरेश से मां और भाई के भरण-पोषण की व्यवस्था करने की बात कही थी। बताया जाता है कि इस दौरान विवाद भी हुआ और नरेश केवल 25-30 किलो गेहूं देकर वहां से चला गया था। पंचायत खत्म होने के कुछ घंटों बाद ही रात में अचानक रीना की तबीयत बिगड़ गई। आज मंगलवार सुबह रीना का शव चारपाई पर पड़ा मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतका की पुत्रवधू धनदेवी ने बताया कि रात करीब दो बजे रीना की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और उन्हें पानी भी पिलाया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध मानते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि पंचायत के बाद नरेश अपनी ससुराल, रामपुर जिले के शाहाबाद क्षेत्र स्थित जनकपुर खेरे गांव चला गया था। सूचना मिलने पर ग्रामीण उसे वापस गांव लेकर आए।
थाना सिरौली प्रभारी रोहित कुमार ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मौत हार्ट अटैक से होने की संभावना लग रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस का कहना है कि जमीन विवाद, पंचायत में हुई कहासुनी और महिला की मौत इन सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच या पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आने पर उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

