स्योहारा थाना क्षेत्र के ग्राम रफीपुर मे आज सोमवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब पूजा अर्चना करने मंदिर पहुंचे ग्रामीणो को माँ दुर्गा की मूर्ति का एक हाथ क्षतिग्रस्त मिला। प्रतिमा का हाथ क्षतिग्रस्त अवस्था मे मिलने का पता लगते ही मौके पर ग्रामीणो की भीड़ जुट गयी। मामले की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए क्षतिग्रस्त मूर्ति के हाथ की तत्काल मरम्मत कराई। मरम्मत के बाद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
थाना क्षेत्र के ग्राम रफीपुर मे स्थित प्राचीन मंदिर मे माँ दुर्गा की एक प्रतिमा स्थापित है। आज सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओ ने देखा कि इस प्रतिमा का एक हाथ क्षतिग्रस्त अवस्था मे है। मामले की जानकारी होते ही सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण मंदिर पहुँच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मंदिर परिसर का बारीकी से निरिक्षण किया। ग्रामीणों ने पुलिस से मूर्ति क्षतिग्रस्त होने के पीछे के कारणो की जाँच किये जाने की मांग की है। ग्रामीणो का कहना है कि जानबूझकर मूर्ति को नुकसान पहुंचाने वाले के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। ग्रामीणों के मुताबिक मंदिर परिसर में स्थापित मूर्ति के शेर की पूंछ भी पहले से टूटी हुई है। ऐसे में पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मूर्ति को नुकसान किसी दुर्घटना के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आनन फानन मे क्षतिग्रस्त मूर्ति की मरम्मत कराई और ग्रामीणो को दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने का आश्वासन दिया। थाना अध्यक्ष स्योहारा संजय कुमार तोमर ने बताया कि मूर्ति का हाथ थोड़ा क्षतिग्रस्त हुआ था, जिसकी मरम्मत करा दी गई है। पुलिस ने ग्रामीणों को पूरी स्थिति से अवगत करा दिया है और ग्रामीण संतुष्ट हैं। उन्होंने बताया कि गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।
घटना के बाद पुलिस गांव की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की अफवाह या तनाव को बढ़ावा न मिले, इसके लिए सतर्कता बरती जा रही है। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य और शांतिपूर्ण बनी हुई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

