आज गुरुवार की सुबह मेरठ महानगर के सदर बाजार क्षेत्र स्थित खालसा होटल मे ठहरे एक युवक का शव कमरे मे फंदे से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। युवक दो दिन पूर्व होटल मे कमरा लेकर ठहरा था। पुलिस ने फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जाँच मे जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विपुल शर्मा आयु 29 वर्ष निवासी पंजाबी कॉलोनी, शामली 15 सितम्बर की शाम होटल पहुँचा था। उसने अपनी पहचान के लिए आधार कार्ड दिया था। जिसकी प्रति होटल रिकॉर्ड मे रख उसे कमरा दिया गया था। होटल कर्मचारियो के अनुसार कमरा लेने के बाद वह बाहर नही आया। आज गुरुवार की सुबह कमरे के आसपास तेज दुर्गंध महसूस होने पर होटल कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ होटल पहुंचे। युवक के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। इस प्रयास मे सफलता नहीं मिलने पर पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया।
कमरे के अंदर का दृश्य देख सभी चौंक उठे। वहाँ विपुल का शव फंदे के सहारे लटका हुआ था। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया।पुलिस को तलाशी के दौरान कमरे से बीयर की पांच बोतलें बरामद हुईं। इनमें दो बोतलें भरी हुई और तीन खाली थीं। पुलिस ने कमरे से मिले अन्य सामान को भी सुरक्षित कर जांच के लिए कब्जे में लिया है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे और आसपास के स्थानों से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि होटल में आने के बाद विपुल से कोई व्यक्ति मिलने आया था या नहीं। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही होटल कर्मचारियों से पूछताछ कर युवक की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने कमरे की स्थिति और शव मिलने के आधार पर 15 सितंबर को उसके आसपास मौत होने की आशंका जताई है। हालांकि मौत का वास्तविक समय पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों को लेकर सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

