उझानी/जिला बदायूँ - संदिग्ध परिस्तिथियो मे फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जाँच मे जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शुक्रवार, सितंबर 11, 2026

उझानी/जिला बदायूँ - संदिग्ध परिस्तिथियो मे फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जाँच मे जुटी

ujhani-badaun-sandigdh-paristhitiyon-me-fande-par-latka-mila-vivahita-ka-shav-mayke-paksh-ne-lagaya-hatya-ka-aarop-police-janch-me-juti

कल गुरुवार की देर शाम जिला बदायूँ के उझानी कोतवाली क्षेत्र मे 34 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्तिथियो मे फंदे पर लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे पर लटकने के कारण मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि, मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करने और हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद कुमार साहू निवासी मोहल्ला जय जयराम, सोरो गेट, कासगंज ने करीब पांच वर्ष पहले अपनी बेटी नीतू साहू की शादी विशाल साहू पुत्र राजीव साहू निवासी, मोहल्ला रामलीला मैदान, उझानी के साथ की थी। बताया जा रहा है कि शादी के समय विशाल गुड़गांव की एक कंपनी में इंजीनियर के पद पर नौकरी करता था। बाद में उसकी नौकरी छूट गई और वह वापस घर आकर रहने लगा। शादी के करीब दो वर्ष बाद नीतू ने एक बेटे को जन्म दिया। मायके वालों का आरोप है कि बच्चे के जन्म के बाद से ही पति विशाल, सास प्रवीना, ससुर राजीव और देवर सार्थक द्वारा नीतू को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा था। आरोप है कि ससुराल पक्ष गुड़गांव में फ्लैट खरीदने के लिए नकदी और अन्य सामान की मांग कर रहा था।


मायके पक्ष के अनुसार नीतू ने कई बार ससुराल में हो रही प्रताड़ना की जानकारी उन्हे दी थी। इसके बाद रिश्तेदारों और समाज के लोगों की पंचायत कर दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन मामला पूरी तरह शांत नहीं हो सका। आरोप है कि कल गुरुवार शाम भी ससुराल में नीतू के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद उसका शव फंदे पर लटका मिला। ससुराल पक्ष के लोग उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नौशेरा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि इसके बाद ससुराल वाले वहां से चले गए।


पड़ोसियों से घटना की जानकारी मिलने पर नीतू के मायके वाले मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।


मृतका के परिजनों ने पति समेत चार ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

free counter
अभी तक पाठक संख्या