इंटरनेट डेस्क। मौसम विभाग ने आज के लिए बिहार और झारखंड सहित देशभर के 19 राज्यों में हल्की से लेकर भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आज करीब 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी मौसम विभाग ने जारी की है। पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन भी हो सकता है। वहीं राजस्थान में मानसून विदाई की ओर जाता नजर आ रहा है। प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में मानसून की विदाई तेज हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की वापसी रेखा अब धौलपुर और उदयपुर से होते हुए गुजरात के नालिया तक पहुंच चुकी है। आगामी दो से तीन दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों से मानसून की विदाई के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती नजर आ रही है। बारिश की गतिविधियां लगातार कमजोर होने के बाद मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना हुआ है। आज पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ से आंशिक रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना है। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री के पार हो चुका है। यहां पर 42.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा।
कल से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, कल उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में मौसम में बदल सकता है। एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। इस दौरान, मेघगर्जन और तेज हवाओं की गतिविधि हो सकती है।
PC: bhaskar