कल बुधवार की देर रात जिला बिजनौर के चाँदपुर थाना क्षेत्र मे ट्रैक्टर से कुचलकर की गयी 3 ग्रामीणो की हत्या का मामला अब तूल पकड़ गया है। इस घटना पर आक्रोशित मृतको के परिजनो और ग्रामीणों ने आज गुरुवार को दत्तियाना-चांदपुर मार्ग पर जमालुद्दीनपुर खेड़ा के पास कई बार जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई और उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे। हालात की जानकारी मिलने पर एसपी केके बिश्नोई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों से बातचीत कर मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया। हालांकि, इससे पहले पुलिस को कई बार समझाकर यातायात सुचारु कराना पड़ा था।
पाठको को बताना उचित होगा कि कल बुधवार की देर शाम दत्तियाना गांव निवासी एक व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर जमालुद्दीनपुर पहुंचा था। इस दौरान ट्रैक्टर वाले व्यक्ति का शराब की दुकान के पास किसी व्यक्ति से विवाद हो गया था। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने के बाद चालक ने ट्रैक्टर स्टार्ट किया और वहां खड़े लोगों की ओर दौड़ा दिया। अचानक हुए इस घटनाक्रम में महेंद्र, उदयवीर और बाबूराम ट्रैक्टर की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदपुर पहुंचाया था।
अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उदयवीर और बाबूराम को मृत घोषित कर दिया। वहीं महेंद्र की हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि उपचार के दौरान महेंद्र ने भी दम तोड़ दिया।
कल बुधवार देर रात हुई घटना के बाद आज गुरुवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतकों के परिजन दत्तियाना-चांदपुर मार्ग पर एकत्र हो गए। लोगों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस के समझाने के बाद कुछ समय के लिए जाम खुला, लेकिन ग्रामीण दोबारा सड़क पर आ गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की थी।
एसपी केके बिश्नोई ने मौके पर पहुंचकर लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति शांत हुई और मार्ग पर यातायात बहाल हो सका। दोपहर बाद डीआईजी मुनिराज जी भी जमालुद्दीनपुर खेड़ा पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जानकारी ली। इसके बाद डीआईजी ने मृतकों के परिजनों से बातचीत कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई। डीआईजी ने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान भाजपा के पूर्व विधायक कमलेश सैनी भी मौके पर मौजूद रहे।
एक ही घटना में तीन ग्रामीणों की मौत से जमालुद्दीनपुर गांव में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद गांव में गम और आक्रोश दोनों का माहौल बना हुआ है। कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
पुलिस ने मामले में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक सत्येंद्र की तहरीर पर मारपीट के मामले में नौ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं मृतक बाबूराम के भाई राधे की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक वीरेंद्र के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

