इज्जतनगर/जिला बरेली - पुलिस ने किया फर्जी डॉक्टरो का भंडाफोड़, सोशल मीडिया पर विज्ञापन दिखाकर बेच रहे थे दवाये - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अक्टूबर 07, 2026

इज्जतनगर/जिला बरेली - पुलिस ने किया फर्जी डॉक्टरो का भंडाफोड़, सोशल मीडिया पर विज्ञापन दिखाकर बेच रहे थे दवाये

newsindia17.com/2026/10/izzatnagar-bareilly-farzi-doctor-dawai-bikri.html

जिला बरेली की इज्जतनगर थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रचार कर स्वास्थ्यवर्धक एवं हर्बल दवाओं का बिक्री करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने खुद को डॉक्टर बताकर दवाएं बेचने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों का नेटवर्क सोशल मीडिया से लेकर कॉल सेंटर तक फैला हुआ था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में दवाएं, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, पैकिंग सामग्री और नकदी बरामद की है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है।


एसपी सिटी मानुष पारीक  बताया कि गिरफ्तार किये गए आरोपियों की पहचान देवरनियां के वार्ड छह निवासी समीरउद्दीन और इज्जतनगर के बड़ी बिहार निवासी यूसुफ के रूप में हुई है। इस मामले में एक अन्य आरोपी इलियास खां अभी फरार है। पुलिस जांच के अनुसार आरोपी इंस्टाग्राम और फेसबुक पर 'हर्बल हैंड जड़ी-बूटी' नाम से सोशल मीडिया आईडी संचालित करते थे। इन प्लेटफॉर्म पर दवाओं से संबंधित विज्ञापन प्रसारित कर लोगों को आकर्षित किया जाता था। इसके बाद संपर्क में आने वाले लोगों को खुद को डॉक्टर बताकर दवाएं बेचने का काम किया जाता था। आरोपियों ने ग्राहकों से बातचीत और ऑर्डर लेने के लिए कॉल सेंटर जैसा सेटअप भी तैयार कर रखा था। इसी माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर दवाओं की बिक्री की जाती थी।


पुलिस के मुताबिक आरोपी सहारनपुर और मुरादाबाद से सामान मंगवाते थे। इसके बाद अपनी फर्म के रैपर लगाकर पैकिंग की जाती थी और ग्राहकों तक उत्पाद पहुंचाए जाते थे। जांच के दौरान आरोपियों के पास दवाओं की बिक्री से संबंधित कोई वैध लाइसेंस नहीं मिला है। पुलिस को मौके से कथित रूप से एक फर्जी लाइसेंस की कॉपी भी बरामद हुई है।


राजीव एन्क्लेव कॉलोनी स्थित मकान पर पुलिस की कार्रवाई में बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिले। बरामद सामान में 12 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, छह सीपीयू, आठ मॉनिटर, छह कीबोर्ड, माउस, एक प्रिंटर, दो बिल प्रिंटर और एक स्कैनर शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने दवाओं के 85 पैकेज, पैकिंग सामग्री और विभिन्न दस्तावेज भी बरामद किए हैं। पुलिस को मौके से छह चेकबुक, 14 एटीएम कार्ड और 1 लाख 99 हजार रुपये नकद भी मिले हैं। पुलिस इन दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर गिरोह के कारोबार और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।


इज्जतनगर पुलिस अब फरार बताए जा रहे इलियास खां की तलाश कर रही है। साथ ही सोशल मीडिया अकाउंट, कॉल सेंटर और बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों ने कितने लोगों को अपने जाल में फंसाया और यह नेटवर्क कितने समय से संचालित हो रहा था।


पुलिस मामले में बरामद दवाओं और दस्तावेजों की भी जांच कर रही है। आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।

conter12
अभी तक पाठक संख्या