मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - फर्जी दस्तावेजो के आधार पर पासपोर्ट बनवाने वाले गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


बुधवार, अक्टूबर 07, 2026

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - फर्जी दस्तावेजो के आधार पर पासपोर्ट बनवाने वाले गैंग का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

newsindia17.com/2026/10/moradabad-fake-passport-gang-arrest.html
जिला मुरादाबाद की कटघर थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट तैयार कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह में शामिल आरोपी अलग-अलग स्थानों से दस्तावेज जुटाकर उनके आधार पर पासपोर्ट बनवाने का काम करते थे। पुलिस की यह कार्रवाई आज 7 अक्टूबर को एसएसपी सतपाल अंतिल के निर्देश पर गठित टीम ने की। मामले में 6 अक्टूबर को उपनिरीक्षक उस्मान अली की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था।


कटघर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए महफूज और आकाश को रामगंगा पुल के पास से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में ऐसे दस्तावेज मिले, जिनके फर्जी होने का पुलिस ने दावा किया है। बरामद सामान में 25 आधार कार्ड, छह पासबुक, पांच चेकबुक और चार पैन कार्ड शामिल हैं। इसके अलावा ग्राम प्रधान और पार्षदों के लेटर पैड, जन्म प्रमाण पत्र, मार्कशीट और बिजली बिल समेत अन्य दस्तावेज भी पुलिस के हाथ लगे हैं।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लैपटॉप और मोबाइल फोन समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं। इन उपकरणों की जांच के जरिए पुलिस गिरोह के नेटवर्क और उसके संपर्कों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस पूछताछ में महफूज ने बताया कि वह बरेली निवासी मुकेश शर्मा के साथ मिलकर फर्जी कागजात के जरिए पासपोर्ट बनवाने का काम करता था।


आरोपी आकाश ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात तिहाड़ जेल में जेम्स नाम के व्यक्ति से हुई थी। आकाश के अनुसार जेम्स ने ही उसकी मुलाकात महफूज से कराई थी। इसके बाद दोनों के बीच फर्जी दस्तावेज तैयार कराने और पासपोर्ट संबंधी काम को लेकर संपर्क हुआ।


पुलिस अब बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि आरोपियों ने कितने लोगों के लिए फर्जी दस्तावेज तैयार किए और इन दस्तावेजों के आधार पर कितने पासपोर्ट बनवाए गए। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। पूछताछ में सामने आए नामों और संपर्कों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किये गए आरोपी महफूज के खिलाफ पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड और पुराने मामलों की भी जानकारी जुटा रही है। कटघर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद फर्जी दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट तैयार कराने वाले नेटवर्क को लेकर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

web counter free
अभी तक पाठक संख्या