उक्त पूरा मामला गुन्नौर तहसील के पतेई नासिर गांव का है। जरीफनगर थाना क्षेत्र के कांक्सी गांव निवासी रजनीश कुमार ने अपनी बेटी खमीरा की शादी निर्दोष पुत्र धीरेंद्र के साथ कराई थी। मृतका के मायके पक्ष के अनुसार 6 अक्टूबर की शाम पति निर्दोष ने खमीरा पर डीजल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर किया गया। वहां से भी राहत नहीं मिलने पर परिजन उसे दिल्ली स्थित एम्स ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा था।
विवाहिता के पिता रजनीश कुमार पुत्र मोहर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने 7 अक्टूबर को आरोपी पति निर्दोष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद 8 अक्टूबर को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के उपरांत जेल भेज दिया था। आज सोमवार सुबह महिला का शव उसके मायके पहुंचने की जानकारी दी गई। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की जांच और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।
रजपुरा थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि कल रविवार रात करीब नौ बजे विवाहिता की उपचार के दौरान मौत होने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि मौत के बाद मामले में संबंधित धाराएं बढ़ाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

