राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत संविदा पर कार्यरत चिकित्सकों और कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल का असर मंडी धनौरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की व्यवस्थाओं पर भी साफ दिखाई दिया। आज गुरुवार को सीएचसी धनौरा के कर्मचारी बड़ी संख्या मे अमरोहा स्थित सीएमओ कार्यालय में आयोजित धरना-प्रदर्शन में शामिल होने पहुँचे। कर्मचारियों की गैरमौजूदगी के चलते अस्पताल में मरीजों को इलाज और जांच संबंधी सेवाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ी।
हड़ताल के कारण सीएचसी के कई कमरों के दरवाजों पर ताले नजर आए। इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को संबंधित सेवाओं के लिए इंतजार करना पड़ा। वहीं, जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पहुंचे लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सीएचसी के बीपीएम अभिषेक वर्मा के अनुसार अस्पताल के कुल स्टाफ में लगभग 50 प्रतिशत कर्मचारी एनएचएम के तहत संविदा पर कार्यरत हैं। इनमें लैब टेक्नीशियन, एक्स-रे तकनीशियन सहित कई महत्वपूर्ण सेवाओं से जुड़े कर्मचारी शामिल हैं। इनके कार्य बहिष्कार के कारण पैथोलॉजी जांच, एक्स-रे और कुछ प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए।
एनएचएम के जिला महामंत्री एवं मंडी धनौरा सीएचसी में तैनात डॉ. कुलदीप शर्मा ने बताया कि कर्मचारियों ने आंदोलन के पहले चरण में 5, 6 और 7 तारीख को काली पट्टी बांधकर विरोध जताया था। इसके बाद 8 तारीख को अमरोहा सीएमओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया गया। डॉ. कुलदीप शर्मा के मुताबिक एनएचएम कर्मी संविदा से जुड़ी विभिन्न मांगों समेत अन्य समस्याओं के समाधान की मांग कर रहे हैं। वहीं आंदोलन में शामिल डॉ. अनामिका चौधरी ने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा।
एनएचएम कर्मचारियों के आंदोलन के चलते अस्पताल में मौजूद नियमित चिकित्सकों और कर्मचारियों पर अतिरिक्त जिम्मेदारी आ गई। सीएचसी के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मनदीप सिंह ने बताया कि करीब आधे स्टाफ के हड़ताल पर रहने से उपलब्ध कर्मचारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां संभालनी पड़ीं। इससे तकनीकी जांच समेत कुछ अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में असुविधा हुई।
एनएचएम कर्मियों के आंदोलन में डॉ. कुलदीप शर्मा, डॉ. अनामिका चौधरी, संदीप सैनी, ममतेश, सुनील कुमार, मुस्कान कटियार, संदीप कुमार, रवि कुमार, प्रशांत कुमार, दीपा यादव, मोहित बिश्नोई, गौरव, डॉ. परवेज, डॉ. शिरीन, सुनील शर्मा समेत अन्य संविदा कर्मचारी शामिल रहे।
न्यूज़ इंडिया 17 के लिए: यह खबर उपलब्ध स्थानीय जानकारी और संबंधित कर्मचारियों के बयानों के आधार पर तैयार की गई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
