जिला अमरोहा के हसनपुर थाना क्षेत्र से शादी का नाम पर धोखाधड़ी का एक मामला प्रकाश मे आया है। थाना क्षेत्र निवासी एक युवक ने अपनी नई नवेली दुल्हन पर शादी के पहली रात ही नशीला दूध पिलाकर बेहोश करने और लाखो के जेवर व नकदी लेकर फरार होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित युवक द्वारा दी गयी तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकरी के अनुसार थाना क्षेत्र के गाँव गंगाचोली निवासी दिनेश कुमार ने गत 19 अक्टूबर को पड़ोसी गांव निवासी दो बच्चों की मां से शादी की थी। दिनेश की यह पहली शादी थी, जबकि महिला की यह दूसरी शादी बताई जा रही है। युवक के मुताबिक शादी से पहले उसे बताया गया था कि महिला के पहले पति की मौत हो चुकी है।
इसी जानकारी पर भरोसा करते हुए दिनेश ने धूमधाम से विवाह किया और दुल्हन का घर में स्वागत किया। शादी के दौरान दुल्हन को सोने-चांदी के कीमती आभूषण भी दिए गए। हालांकि, शादी के बाद घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया। दिनेश ने पुलिस को बताया कि शादी की पहली रात सोने से पहले उसकी पत्नी ने उसे दूध दिया था। आरोप है कि इसी दूध में नशीला पदार्थ मिलाया गया था। दूध पीने के बाद वह गहरी नींद में सो गया। इसी दौरान दुल्हन घर में रखे करीब पांच लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और दस हजार रुपये लेकर चली गई।
पीड़ित के अनुसार महिला अपने साथ आए दोनों बच्चों को भी लेकर घर से निकल गई। सुबह आंख खुलने पर दिनेश ने देखा कि घर मे सामान बिखरा हुआ है और दुल्हन भी मौजूद नही है। दुल्हन के गायब होने से परेशान दिनेश अपनी ससुराल पहुंचा। वहां उसे पता चला कि महिला का पहला पति जीवित है, जबकि शादी से पहले उसे पति की मौत होने की जानकारी दी गई थी। दिनेश ने आरोप लगाया कि महिला ने बिचौलियों के साथ मिलकर कथित तौर पर शादी के नाम पर धोखाधड़ी की साजिश रची।
दिनेश कुमार हसनपुर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को अपनी शिकायत दी। मामले को लेकर क्षेत्राधिकारी पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की अभी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

