अमरोहा/उत्तर प्रदेश - किराए के कमरे मे फंदे पर लटका मिला महिला का शव, पति हुआ बेहोश, पुलिस जाँच में जुटी - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, अक्टूबर 20, 2026

अमरोहा/उत्तर प्रदेश - किराए के कमरे मे फंदे पर लटका मिला महिला का शव, पति हुआ बेहोश, पुलिस जाँच में जुटी

amroha-uttar-pradesh-kiraye-ke-kamre-me-fande-par-latka-mila-mahila-ka-shav-pati-behosh-police-janch-me-juti

जिला अमरोहा के डिडौली कोतवाली क्षेत्र मे आज मंगलवार की सुबह किराए के कमरे मे रह रही विवाहिता का शव फंदे से लटका मिलने पर हड़कंप मच गया। पत्नी को इस स्थिति मे देख उसका पति भी बेहोश होकर गिर गया। उसे स्थानीय सीएचसी भेजा गया। जहाँ स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम को भेजा व आवश्यक जाँच की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके साक्ष्य जुटाए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव जोई निवासी खालिद के बेटे मोनिश की शादी करीब डेढ़ साल पहले 40 वर्षीय सनम उर्फ नननिया से हुई थी। दोनों जोया के मोहल्ला मुल्लाना में नगमा पत्नी अख्तर के मकान में किराए पर रह रहे थे। दंपती का आठ माह का एक बेटा है। बताया गया कि आज मंगलवार सुबह हुए घरेलू विवाद के बाद सनम कमरे के अंदर चली गई और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर मोनिश ने आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया। इसके बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नही मिलने पर उसने दरवाजे के ऊपर बने वेंटिलेटर को तोड़कर अंदर झांका। वहां सनम को फंदे पर लटका देखकर वह बेहोश हो गया।


घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए।


सीओ डा0 प्रदीप कुमार और डिडौली कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला अस्पताल में भर्ती पति से भी घटना के संबंध में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।


बताया गया है कि सनम की पहली शादी गांव जोई निवासी अली हसन पुत्र अहमद हसन से हुई थी। पहली शादी से उसके चार बच्चे हैं। बाद में सनम ने मोनिश से प्रेम विवाह किया था। मोनिश के साथ उसकी शादी को करीब डेढ़ साल हुए थे और दोनों का आठ माह का एक बेटा है। सनम का मायका गांव रामपुर फतेहड़ी, थाना धनौरा, जिला अमरोहा में बताया गया है।


फिलहाल महिला की मौत के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। शुरुआती जानकारी में घरेलू विवाद की बात सामने आई है, लेकिन मौत के कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या