मंडावली/जिला बिजनौर - हाईवे किनारे पड़ा मिला 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, अक्टूबर 20, 2026

मंडावली/जिला बिजनौर - हाईवे किनारे पड़ा मिला 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा

mandawali-bijnor-highway-kinare-mila-45-varshiya-agnyaat-vyakti-ka-shav-police-ne-postmortem-ko-bheja

जिला बिजनौर के मंडावली थाना क्षेत्र में मंगलवार को हाईवे किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मंडावली क्षेत्र के ग्राम मुस्सेपुर स्थित काली माता मंदिर में कुछ महिलाएं कीर्तन करने के लिए पहुंची थीं। इसी दौरान उनकी नजर हाईवे किनारे पड़े एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। महिलाओं ने बिना देरी किए इसकी सूचना पुलिस को दी।


सूचना मिलते ही मंडावली थानाध्यक्ष विजेंद्र राठी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।


प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर मटमैले रंग का कोट और हाफ पैंट थी। घटनास्थल पर ऐसा कोई प्रमाणित दस्तावेज या अन्य साक्ष्य नहीं मिला, जिससे मृतक की पहचान की जा सके।


फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयासों में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

free counter
अभी तक पाठक संख्या