प्राप्त जानकारी के अनुसार आज गुरुवार को भोजीपुरा पुलिस को ग्राम खितौसा में एक महिला द्वारा घर के अंदर फांसी लगाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही परिजन महिला को फंदे से उतारकर घर के बरामदे में रख चुके थे।बताया जा रहा है कि इन दिनों क्षेत्र में धान की कटाई का काम चल रहा है। घटना के समय मृतका के ससुराल वाले खेतों में धान काटने गए हुए थे। काम खत्म कर वापस आये परिजनो ने महिला को फंदे पर लटका पाया। आनन-फानन में उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
मृतका की पहचान गीता आयु 23 वर्ष के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2023 में खितौसा निवासी जसवंत के साथ हुई थी। गीता का मायका पास के ही ग्राम कोडमपुर में बताया गया है। मृतका की आठ माह की एक मासूम बेटी भी है। घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर पहुंची मृतका की बहन ने ससुराल पक्ष के लोगों पर गंभीर आरोप लगाए। बहन का कहना है कि गीता फोन पर बातचीत के दौरान अक्सर ससुराल में प्रताड़ित किए जाने और परेशान किए जाने की बात बताती थी। इसी आधार पर उसने घटना को सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
भोजीपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक बी. सिंह ने बताया कि मामले में फॉरेंसिक जांच, मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच के निष्कर्ष और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

