जिला शाहजहाँपुर निवासी एक विवाहिता ने अपने पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना समेत कई गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित करता था और उसके सामने ही दूसरी महिलाओं से संबंध बनाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया।
पीड़िता के मुताबिक उसकी शादी वर्ष 2011 में इंद्रानगर कॉलोनी निवासी कामरान खां के साथ हुई थी। शादी के समय पीड़िता के परिवार की ओर से करीब 20 लाख रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन इसके बावजूद पति की ओर से 10 लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग की जाने लगी। ये मांग पूरी न होने पर महिला को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किए जाने का आरोप है।
महिला ने शिकायत में बताया कि 5 जनवरी 2026 को उसके पति ने उसके साथ मारपीट की और 10 लाख रुपये लाने का दबाव बनाया। रुपये नहीं लाने पर पति ने उसे तलाक दे दिया। महिला का यह भी आरोप है कि पति ने उसके सामने दूसरी लड़कियों के साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का दावा है कि उसके पास पति के अन्य लड़कियों के साथ संबंधों से जुड़े कुछ फोटो भी मौजूद हैं।
पीड़िता के दो बच्चे हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि पति के खिलाफ शिकायत करने के बाद भी उसे अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता है। उसने पति को भाजपा कार्यकर्ता बताते हुए यह आशंका भी जताई कि राजनीतिक प्रभाव के चलते उसके खिलाफ कार्रवाई प्रभावित हो सकती है।
महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रविवार शाम करीब पांच बजे एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नोट: महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

