बरेली/उत्तर प्रदेश - वायरल हुई इंस्टाग्राम रील ने पकड़वाया 18 माह से फरार हत्यारोपी, मध्य प्रदेश के मेलो मे लगाता था दुकान - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


सोमवार, अक्टूबर 05, 2026

बरेली/उत्तर प्रदेश - वायरल हुई इंस्टाग्राम रील ने पकड़वाया 18 माह से फरार हत्यारोपी, मध्य प्रदेश के मेलो मे लगाता था दुकान

bareilly-uttar-pradesh-viral-hui-instagram-reel-ne-pakadvaya-18-maah-se-farar-hatyaropi-madhya-pradesh-ke-melo-me-lagata-tha-dukan

करीब 18 महीने से पुलिस को चकमा दे रहे विकास हत्याकांड के मुख्य आरोपी सोनू कश्यप उर्फ मुन्नू को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया। जिस आरोपी तक पुलिस का मुखबिर तंत्र लंबे समय में नहीं पहुंच सका, उसकी एक इंस्टाग्राम रील ने पुलिस को उस तक पहुंचने का रास्ता दिखा दिया। मध्यप्रदेश में मेलों में कपड़ों की दुकान लगाने के दौरान आरोपी ने अपनी रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड की थी। यही रील पुलिस के लिए अहम सुराग बन गई।


पुलिस के मुताबिक, रील सोशल मीडिया पर प्रसारित होते हुए इंस्पेक्टर सतीश चंद्र नैन तक पहुंची। वीडियो में एक कपड़े की दुकान पर बैठा युवक दिखाई दिया। चेहरा देखने के बाद पुलिस को संदेह हुआ कि वह विकास हत्याकांड में वांछित सोनू कश्यप हो सकता है। इसके बाद पुलिस ने सर्विलांस टीम की मदद से उस इंस्टाग्राम अकाउंट और मोबाइल नंबर की पड़ताल शुरू की, जिससे रील अपलोड की गई थी।


जांच में पता चला कि आरोपी ने मध्यप्रदेश में किसी परिचित की पहचान का इस्तेमाल कर नया सिम कार्ड हासिल किया था। इसी नंबर से वह अपने परिचितों से संपर्क करता था और इंस्टाग्राम अकाउंट भी संचालित कर रहा था। पुलिस को मोबाइल नंबर हाथ लगने के बाद उसकी लोकेशन पर निगरानी शुरू कर दी गई।


पुलिस टीम को जानकारी मिली कि आरोपी रविवार को बिशारतगंज में रहने वाली अपनी बहन से मिलने जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर रामगंगा पुल के पास से सोनू कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि हत्या के बाद वह अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रहा और बाद में मध्यप्रदेश में मेलों में कपड़ों की दुकान लगाने के साथ फेरी का काम करने लगा था।


मामला 28 फरवरी 2025 का है। वंशीनगला में विकास उर्फ सोनू सिंह की चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई थी। परिजनों की शिकायत पर सुभाषनगर थाने में सोनू कश्यप उर्फ मुन्नू, प्रेम सिंह, देवेंद्र कश्यप, मिथुन और भीमसेन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि सोनू कश्यप लगातार फरार चल रहा था।


पुलिस के अनुसार, आरोपी की विकास सिंह उर्फ सोनू से पुरानी रंजिश थी। बताया गया कि विकास ने सोनू कश्यप के भाई संजय कश्यप के साथ मारपीट की थी। इसी विवाद को लेकर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर विकास पर हमला किया।


बताया गया कि गौतम बुद्ध पब्लिक स्कूल के पास बैठे विकास पर पहले चाकू से वार किया गया। हमले के बाद वह बचने के लिए गली की ओर भागा, लेकिन आरोपियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और दोबारा चाकू से कई वार किए। इस दौरान उसकी गर्दन पर भी हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।


मुख्य आरोपी सोनू कश्यप की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। 22 सितंबर को एसएसपी अनुराग आर्य ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। करीब डेढ़ साल बाद सोशल मीडिया पर डाली गई एक रील पुलिस के लिए निर्णायक सुराग साबित हुई।


पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी मूलरूप से आंवला का रहने वाला है और कई वर्षों से वंशीनगला में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ कर रही है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या