आज मंगलवार को जिला बिजनौर के चाँदपुर थाना क्षेत्र मे हुई भीषण सड़क दुर्घटना मे गंगा स्नान कर वापस लौट रही माँ बेटी की दर्दनाक मौत हो गयी। यहाँ जलीलपुर मार्ग पर स्थित गाँव अकबर सीमली के पास गन्ना लदे एक ट्रक ने श्रद्धालुओ से भरी ट्रैक्टर ट्राली को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे मे एक महिला और उसकी 8 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत हो गयी जबकि ट्रैक्टर चालक समेत 6 लोग घायल हो गए। इस भीषण दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गयी।
जानकारी के अनुसार चांदपुर थाना क्षेत्र के गांव अकबर झोजा निवासी निलेश कुमार कल सोमवार को अपने परिजनो के साथ नारनौर गंगा घाट पर लगे मेले में गए थे। आज मंगलवार को गंगा स्नान करने के बाद परिवार के सभी सदस्य ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान चांदपुर-जलीलपुर रोड पर गांव अकबर सीमली के नजदीक पीछे से आए गन्ने से लदे ट्रक ने उनकी ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी।ट्रक की जोरदार टक्कर लगने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। इस भीषण हादसे मे विमलेश आयु 30 वर्ष पत्नी निलेश कुमार और उनकी पुत्री निधि आयु 8 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्याऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मां-बेटी को मृत घोषित कर दिया।
हादसे का सबसे भयावह दृश्य उस समय देखने को मिला जब ट्रैक्टर चला रहे निलेश कुमार ट्रक के पिछले पहियों के बीच बुरी तरह फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। बताया गया कि निलेश को निकालने के लिए ट्रक को पलटवाना पड़ा, जिसके बाद उन्हें बाहर निकाला जा सका।इस दुर्घटना में निलेश कुमार के अलावा जानकी देवी, ओमप्रकाश, प्रिंस, पूजा और विराज भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
गंगा स्नान के बाद परिवार के लोग खुशी-खुशी अपने घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। मां-बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक का माहौल है।
गंगा घाट से शुरू हुआ परिवार का यह सफर घर पहुंचने से पहले ही दर्दनाक हादसे में बदल गया। एक ही परिवार की मां-बेटी की मौत ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

