उत्तर प्रदेश के जिला रामपुर से साइबर अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ अज्ञात साइबर अपराधियो ने एक व्यक्ति का मोबाइल हैक कर उसके बैंक खाते से लाखो की रकम उड़ा दी। पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पीड़ित को इस रकम का कुछ भाग उसके खाते में वापस कराने मे सफलता प्राप्त की है। शेष रकम की वापसी के लिये साइबर क्राइम पुलिस लगातार प्रयासरत है।
उक्त पूरा मामला गंज थाना क्षेत्र के बाजौड़ी टोला, केवी रोड निवासी जाने आलम से जुड़ा है। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में शिकायत देकर बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने मोबाइल फोन हैक कर उनके बैंक खाते से कुल 2,08,995 रुपये निकाल लिए है। बैंक खाते से बड़ी रकम गायब होने पर पीड़ित ने पुलिस को दी गयी तहरीर मे पैसा वापस कराये जाने की मांग की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी साइबर अपराध तथा क्षेत्राधिकारी साइबर अपराध के नेतृत्व में ठगी गई रकम वापस कराने के प्रयास किए गए।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार यादव ने तकनीकी संसाधनों की मदद से मामले में कार्रवाई करते हुए पीड़ित की रकम वापस कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई। साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा की गयी कार्रवाई के बाद कल गुरुवार देर शाम जाने आलम के बैंक खाते में 1 लाख 18 हजार रुपये वापस करा दिए गए। इस तरह कुल ठगी गई रकम में से आधे से अधिक पैसा पीड़ित को वापस मिल गया है। हालांकि, शेष 90 हजार 995 रुपये की वापसी अभी नहीं हो सकी है। रकम वापस मिलने पर पीड़ित जाने आलम ने साइबर क्राइम थाना पुलिस का आभार जताया और पुलिस की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया।
इस घटना के बाद साइबर क्राइम थाना पुलिस ने आम लोगों से ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि अनजान व्यक्तियों द्वारा भेजे गए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। बैंक खाते से संबंधित जानकारी, एटीएम पिन, ओटीपी और सीवीवी नंबर किसी के साथ साझा न करें। पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी गई रकम वापस कराने के प्रयास किए जा सके।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

