उत्तर प्रदेश के जिला शाहजहाँपुर से फर्जीवाड़े से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक जीवित महिला को राजस्व अभिलेखों में मृत दर्शाकर उसकी जमीन दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज करा दी गई। इतना ही नही इस जमीन का बैनामा भी कर दिया गया। इस मामले में न्यायालय के आदेश पर सदर तहसील में तैनात दो कंप्यूटर ऑपरेटरों समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उक्त मामला निगोही थाना क्षेत्र के परसौना खलीलपुर गांव से जुड़ा है। गांव निवासी पानवती पत्नी तोताराम के अनुसार गाँव मौजमपुर निवासी उनके मौसा परशुराम ने 4 जून 2024 को दानपत्र के माध्यम से सदर तहसील के पैतापुर स्थित 0.5180 हेक्टेयर भूमि उनके नाम की थी। इसके बाद 14 अक्टूबर 2024 को इस जमीन का दाखिल-खारिज भी उनके पक्ष में हो गया था। आरोप है कि पानवती के जीवित होने के बावजूद कांट थाना क्षेत्र के गाँव सफ्तयारा निवासी बृजेश कुमार वर्मा ने खुद को उनका वारिस बताकर जमीन पर दावा कर दिया और सदर तहसील में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर अभिनव यादव और अभिषेक मिश्रा समेत अन्य कर्मचारियों से मिलीभगत कर राजस्व अभिलेखों में भी जमीन अपने नाम पर दर्ज करा ली।
इस सबके बाद बृजेश कुमार वर्मा ने धोखाधड़ी से जमीन का एक हिस्सा बेच दिया। आरोप के अनुसार 0.324 हेक्टेयर भूमि का बैनामा 15 जून 2026 को नवादा इंदेपुर निवासी मदनमोहन वर्मा के पक्ष में पांच लाख रुपये में कराया गया। इस बैनामे में दिनेश कुमार और जितेंद्र मोहन वर्मा गवाह बने थे। पीड़िता ने इन दोनों पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। पानवती का आरोप है कि जमीन बेचने के बाद बृजेश कुमार वर्मा ने मिली रकम शराब आदि में खर्च कर दी। इतना ही नही नशे की हालत में उसने गांव में ही इस फर्जीवाड़े की बात भी स्वीकार कर ली। मामले की जानकारी होने पर पीड़िता ने 28 जुलाई 2026 को सदर तहसील पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़िता के अनुसार उन्होंने जीवित होने के बावजूद सरकारी अभिलेखों में मृत दर्शाकर जमीन बेचे जाने की शिकायत प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से भी की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। आखिरकार उन्हें न्याय पाने के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ा।
इस मामले में न्यायालय के आदेश पर दो कंप्यूटर ऑपरेटरों समेत छह लोगों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

