मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - हिंदू कॉलेज की लापरवाही से छात्रा का साल बर्बाद, 25 हजार फीस जमा करने के बाद भी नही मिला प्रवेश, कुलपति से लगाई गुहार - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, नवंबर 26, 2026

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश - हिंदू कॉलेज की लापरवाही से छात्रा का साल बर्बाद, 25 हजार फीस जमा करने के बाद भी नही मिला प्रवेश, कुलपति से लगाई गुहार

https://newsindia17.com/moradabad-hindu-college-admission-negligence-student-year-wasted-25000-fees/

मुरादाबाद महानगर के प्रतिष्ठित हिंदू कॉलेज से प्रवेश प्रक्रिया में बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहाँ  बीबीए प्रथम सेमेस्टर में दाखिला लेने वाली नवाबपुर निवासी खुशी निषाद को कॉलेज प्रशासन की कथित गलती का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। छात्रा ने प्रवेश के समय कॉलेज मे 25,100 रुपये फीस जमा की थी। कॉलेज की ओर से उसे इस फीस की रसीद के साथ ही स्टूडेंट आईडी कार्ड भी दिया गया था। इसके बाद छात्रा नियमित रूप से कक्षाओं में पढ़ाई करती रही। इसके बावजूद समर्थ पोर्टल पर उसकी सीट दूसरी छात्रा अलीना मरियम के नाम लॉक कर दी गई। मामला उजागर होने के बाद कॉलेज ने दूसरी छात्रा का प्रवेश निरस्त कर दिया मगर खुशी का दाखिला बहाल नहीं किया। अब उसे अगले शैक्षणिक सत्र में प्रवेश लेने का आश्वासन दिया जा रहा है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार खुशी निषाद पुत्री जागेश्वर निषाद ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में हिंदू कॉलेज मे बीबीए प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लिया था। प्रवेश संबंधी पूरी प्रक्रिया कॉलेज के बीबीए विभाग में कार्यरत कर्मचारी राजू सैनी द्वारा पूरी कराई गई थी। फॉर्म भरने से लेकर फीस जमा कराने और सीट लॉक करने तक की जिम्मेदारी उन्हीं के पास थी। बताया गया कि ख़ुशी ने 13 जून को पेमेंट गेटवे के माध्यम से फीस के 25,100 रुपये भी जमा किए थे। कॉलेज की ओर से जारी रसीद में दिनाँक 13 जून 2026 की दोपहर 1:10 बजे का भुगतान भी दर्ज है। रसीद पर छात्रा की स्टूडेंट आईडी 26840068, ट्रांजेक्शन आईडी और फॉर्म नंबर भी अंकित हैं। इसके अलावा बीबीए प्रथम और द्वितीय सेमेस्टर की फीस का विवरण भी दर्ज है। कॉलेज द्वारा छात्रा को आईडी कार्ड जारी किए जाने के बाद वह नियमित रूप से पढ़ाई करती रही।


हैरानी की बात यह है कि खुशी के नाम से फीस जमा होने, रसीद जारी होने और स्टूडेंट आईडी कार्ड बनने के बावजूद समर्थ पोर्टल पर उसकी सीट अलीना मरियम नाम की दूसरी छात्रा के नाम लॉक हो गई। अब यह गड़बड़ी सामने आई तो कॉलेज प्रशासन में हलचल मच गई। कॉलेज ने अलीना मरियम का प्रवेश निरस्त कर दिया, लेकिन तमाम दस्तावेज होने के बावजूद खुशी का प्रवेश बहाल नहीं किया गया। ख़ुशी के परिजनो के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने वाले कर्मचारी राजू सैनी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित रूप में माफी भी मांगी थी। इसके बावजूद छात्रा को दाखिला नहीं मिल सका। कॉलेज प्रशासन ने खुशी और उसके परिजनों को अगले शैक्षणिक सत्र में प्रवेश दिलाने का आश्वासन देकर वापस भेज दिया।


इस पूरे प्रकरण ने हिंदू कॉलेज की प्रवेश व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जब छात्रा के नाम से आवेदन प्रक्रिया पूरी हुई, 25,100 रुपये फीस जमा हुई, रसीद जारी की गई और स्टूडेंट आईडी कार्ड तक बन गया तब समर्थ पोर्टल पर सीट किसी दूसरी छात्रा के नाम कैसे लॉक हो गई? सवाल यह है कि आखिर प्रवेश प्रक्रिया के दौरान किस स्तर पर चूक हुई? क्या पोर्टल पर गलत आवेदन के माध्यम से सीट लॉक की गई?  जब कर्मचारी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली तो छात्रा को प्रवेश बहाल कराने के लिए आवश्यक कदम क्यों नहीं उठाए गए? इन सवालों का जवाब कॉलेज प्रशासन को देना होगा।


मामला विश्वविद्यालय स्तर पर पहुंचने के बाद गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सचिन माहेश्वरी ने कहा कि छात्रा की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उसका शैक्षणिक वर्ष खराब होने से बचाने के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा। फिलहाल खुशी निषाद और उसका परिवार कॉलेज तथा विश्वविद्यालय प्रशासन से न्याय की उम्मीद लगाए बैठा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि फीस जमा करने, प्रवेश संबंधी दस्तावेज और आईडी कार्ड होने के बावजूद एक छात्रा को अपनी पढ़ाई से क्यों वंचित होना पड़ रहा है। अब देखना होगा कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और छात्रा का शैक्षणिक वर्ष बचाने के लिए क्या समाधान निकालता है।

conter12
अभी तक पाठक संख्या