उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ से अपनी दादी के साथ दरगाह गई एक किशोरी के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। गत 19 नवंबर को हुई इस घटना के 9 दिन बीत जाने के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों ने समर उर्फ आजम नामक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। परिवार बेटी की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित है और पुलिस से जल्द बरामदगी की गुहार लगा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेरठ निवासी एक किशोरी गत 19 नवंबर गुरुवार को अपनी दादी के साथ दरगाह गई थी। वहां दादी किसी काम में व्यस्त हो गईं। इसी दौरान किशोरी अचानक गायब हो गई। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी किशोरी का कोई सुराग न मिलने पर परिजनो ने पुलिस को मामले की सूचना दी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दरगाह और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में किशोरी दिखाई देने की बात सामने आई है। इसके साथ ही पुलिस की जांच में समर उर्फ आजम नामक युवक से किशोरी के संपर्क में होने की जानकारी मिली है। परिजनों का आरोप है कि युवक बहला फुसलाकर किशोरी को अपने साथ ले गया है।
जांच में यह भी सामने आया है कि किशोरी और संबंधित युवक के बीच पिछले करीब एक साल से मोबाइल के जरिए बातचीत हो रही थी। दोनों के बीच नियमित चैटिंग होती थी और रात के समय भी लंबी बातचीत किए जाने की जानकारी मिली है। परिजनों के मुताबिक पहले उन्हें दोनों के संपर्क की भनक लगी थी। उन्होंने किशोरी को समझाते हुए बातचीत बंद करने के लिए कहा था। किशोरी ने भी संपर्क खत्म करने की बात कही थी, लेकिन परिवार को आशंका है कि इसके बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि युवक अपनी पहचान छिपाने के लिए मोबाइल नंबर की प्रोफाइल तस्वीर पर लड़कियों की फोटो लगाकर रखता था। बताया गया है कि वह किशोरी की दादी के मोबाइल पर भी संदेश भेजता था। पुलिस को दोनों के बीच हुई बातचीत से जुड़े कई चैट संदेश मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस की पड़ताल में किशोरी और युवक के बीच आखिरी बातचीत गत 19 नवंबर की शाम करीब सात बजे होने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद भी कुछ संदेशों का आदान-प्रदान हुआ था, जिन्हें कथित तौर पर डिलीट कर दिया गया। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों और मोबाइल फोन से जुड़े तथ्यों की भी जांच कर रही है, ताकि किशोरी के लापता होने की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
दूसरी ओर गत नौ दिनों से बेटी का कोई सुराग न मिलने के कारण परिवार का बुरा हाल है। परिजनों को आशंका है कि किशोरी के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवक की तलाश करने और किशोरी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की है।
इस मामले में अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने घटना को लव जिहाद से जोड़ते हुए पहचान छिपाकर किशोरियों को अपने संपर्क में लेने के आरोपों पर चिंता जताई और पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |
