उत्तर प्रदेश के जिला बदायूँ से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला प्रकाश मे आया है। यहां एक मां ने अपने ही बड़े बेटे पर धोखाधड़ी कर मृतक आश्रित कोटे से सरकारी नौकरी हासिल करने और फंड व बीमा की करीब 12.30 लाख रुपये की रकम हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि वह अनपढ़ है और हस्ताक्षर करने के बजाय अंगूठा लगाती है, इसके बावजूद बेटे ने नौकरी के लिए जमा किए गए दस्तावेजों पर उसके फर्जी हस्ताक्षर कर दिए। मामले में न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने आरोपी बेटे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उक्त मामला फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के आसफपुर गांव से जुड़ा है। गांव निवासी राजकुमारी आयु 54 वर्ष पत्नी स्वर्गीय कैलाश सिंह ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में दिए प्रार्थना पत्र मे अपने बड़े बेटे सत्यपाल उर्फ गौरव कुमार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार उनके पति जिला बेसिक शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। वर्ष 2012 में पति की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे में नौकरी पाने के लिए बड़े बेटे ने आवेदन किया था। आरोप है कि राजकुमारी ने बेटे को मृतक आश्रित कोटे में नौकरी दिलाने के लिए सहमति नहीं दी थी, लेकिन इसके बावजूद बेटे ने आवेदन पत्र और शपथपत्र पर उसके फर्जी हस्ताक्षर कर दिए। पीड़िता का कहना है कि वह पढ़ी-लिखी नहीं हैं और हस्ताक्षर करना नहीं जानतीं, बल्कि दस्तावेजों पर अंगूठा लगाती हैं। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ही बेटे ने सरकारी नौकरी प्राप्त कर ली।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि सरकारी नौकरी हासिल करने के बाद भी बेटे की धोखाधड़ी का सिलसिला नहीं रुका। उसने मां को भरोसे में लेकर पिता के फंड और बीमा से संबंधित धनराशि अलग-अलग मदों में बैंक खाते से निकलवा ली। राजकुमारी के मुताबिक बेटे ने उन्हें आश्वासन दिया था कि वह 10 लाख रुपये उन्हें देगा, जिन्हें वह अपने छोटे बेटे टीटू बाबू को दे दें। आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर बेटे ने 7,96,467 रुपये, 2,65,195 रुपये और 1,69,080 रुपये की धनराशि निकलवा ली। इस तरह कुल 12,30,742 रुपये की रकम हड़प ली गई। पीड़िता का कहना है कि वादा करने के बावजूद बेटे ने उन्हें कोई रकम नहीं दी और पूरी धनराशि अपने पास रख ली।
राजकुमारी ने अपने प्रार्थना पत्र में 30 अगस्त की घटना का भी जिक्र किया है। उनके मुताबिक 30 अगस्त की शाम करीब पांच बजे आरोपी बेटा आसफपुर स्थित उनके घर में घुस आया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उसने धमकी भी दी कि फर्जी हस्ताक्षर करके सरकारी नौकरी हासिल करने के बावजूद उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। आरोप है कि इस सबका विरोध करने पर छोटे बेटे टीटू और उसकी पत्नी सलोनी के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद उन्होंने पुलिस और एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन सुनवाई नहीं होने पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।
उक्त मामले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत के आदेश पर फैजगंज बेहटा पुलिस ने आरोपी सत्यपाल उर्फ गौरव कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, घर में घुसकर मारपीट समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी गई है।
![]() |
| अभी तक पाठक संख्या |

