दुस्साहस - डिलारी में कबाड़ व्यापारी से दिनदहाड़े लूट - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


मंगलवार, जून 12, 2018

दुस्साहस - डिलारी में कबाड़ व्यापारी से दिनदहाड़े लूट

News India 17 के लिए ठाकुरद्वारा/ मुरादाबाद से सतीश कुमार।

लूट की वारदातें थम नहीं रही हैं। सोमवार दोपहर डिलारी थाना क्षेत्र में नकाबपोश बदमाशों ने कबाड़ा व्यापारी से तमंचे के बल पर तीस हजार रुपए लूट लिए। विरोध करने पर तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। वह भोजपुर से डिलारी जा रहा था। सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। सीओ ठाकुरद्वारा समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। लुटेरों को तलाश किया, लेकिन पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी।

लुटेरों का शिकार हुए भोजपुर के फतेहपुरी के रहने वाले वसीम। घर के पास ही कबाड़े की दुकान है। चाचा अनीस की डिलारी में कबाड़ की दुकान है। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे वसीम बाइक से डिलारी चाचा की दुकान जा रहा था। उन्हें तीस हजार रुपए देने थे। डिलारी थाना क्षेत्र स्थित पीलकपुर के पास पहुंचा तभी बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ओवरटेक करके वसीम की बाइक रुकवा ली। तमंचे के बल पर तीस हजार रुपए लूट लिए। विरोध किया तो तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। बाइक की चाभी निकालकर खेत में फेंक दी। जब तक वसीम मोबाइल से कॉल करता और शोर मचाता इससे पूर्व बदमाश फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर डिलारी पुलिस मौके पर पहुंची। थोड़ी ही देर में सीओ ठाकुरद्वारा विशाल यादव, भगतपुर एसओ और भोजपुर एसओ भी पहुंच गए। लुटेरों की तलाश की। चेकिंग अभियान भी चलाया, लेकिन पकड़ में नहीं आ सके। एसपी देहात उदयशंकर सिंह ने बताया कि लुटेरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।