स्योहारा - राशन डीलर की निर्मम हत्या कर शव को जलाया, 4 दिन पूर्व कर लिया था अगवा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


गुरुवार, जून 14, 2018

स्योहारा - राशन डीलर की निर्मम हत्या कर शव को जलाया, 4 दिन पूर्व कर लिया था अगवा

रिपोर्ट - स्योहारा/बिजनौर से तहसील प्रभारी - अनुज कुमार।

चार दिन से अपहृत गांव महमूदपुर निवासी राशन डीलर की गला काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। शव को पेट्रोल छिड़ककर जला दिया। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर क्षत-विक्षत शव मुरादाबाद मार्ग से बरामद किया है। पैसे के लेनदेन के विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक महिला व पूर्व प्रधान फरार हैं।

गांव महमूदपुर निवासी राशन डीलर अरुण त्यागी आयु 45 वर्ष पुत्र रणधीर त्यागी 10 जून को घर से लापता हो गया था। अरुण के पुत्र आकाश त्यागी ने 11 जून को क्षेत्र के गांव खलीलपुर निवासी अमन चौधरी पुत्र राजवीर व महमूदपुर निवासी सुशील पुत्र सतवीर  सिंह पर अपहरण करने का आरोप लगाते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इस बीच बुधवार दोपहर गांव से 10 किमी दूर सत्तोनंगली के जंगल से अरुण की बाइक बरामद हुई थी। पुलिस ने दो दिन की तफ्तीश के बाद गुमशुदगी को अपहरण की धाराओं में तरमीम करते हुए अमन चौधरी पुत्र राजवीर, सुशील पुत्र सतवीर, पुष्पा देवी पत्नी राजवीर सिंह व गांव मंडोरी निवासी पूर्व प्रधान ताहिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। पुलिस ने गुरुवार सुबह मुरादाबाद मार्ग पर गैस एजेंसी के पास से अमन व सुशील की निशानदेही पर अरुण का जला शव बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार दस जून की देर शाम को स्योहारा में आरोपितों को राशन डीलर अरुण मिला। पहले उन्होंने अरुण को शराब पिलाई और जंगल में ले जाकर गला काटकर हत्या कर दी। पहचान मिटाने के लिए पेट्रोल छिड़ककर शव को जला दिया। सूचना पर पहुंची डॉग स्क्वॉयड व फोरेंसिक टीम ने भी मौका मुआयना कर तथ्य जुटाए। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि अरुण की बेटी का मेडिकल में एडमिशन कराने के नाम पर आरोपितों ने एक लाख रुपये ले लिए थे। एडमिशन नहीं होने पर अरुण रुपये मांग रहा था। पैसा नहीं देने के लिए आरोपितों ने उसकी हत्या कर दी। हत्याकांड को अमन व सुशील ने पुष्पा देवी व ताहिर के साथ मिलकर अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि अरुण, अमन व सुशील की पुरानी दोस्ती थी। इसी के विश्वास में अरुण उनके साथ चला गया।