आज शुक्रवार की सुबह रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने साईकिल सवार मजदूर को रौंद दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर भागने लगा मगर ट्रक पलट गया। चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मुरादाबाद के भगतपुर थाना क्षेत्र के गाँव चक ठिरियादान का निवासी प्रमोद आयु 30 वर्ष मजदूरी करता था। आज शुक्रवार की सुबह प्रमोद मजदूरी करने साईकिल द्वारा टांडा जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ़्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। हादसे के बाद चालक ने ट्रक लेकर भागने का प्रयास किया मगर हड़बड़ी में ट्रक पलट गया। चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुँची पुलिस ने एम्बुलेंस की मदद से प्रमोद को जिला अस्पताल मुरादाबाद पहुँचाया। जहाँ चिकित्सको ने प्रमोद को मृत घोषित कर दिया। दोपहर बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे में जान गँवाने वाले प्रमोद की माँ प्रकाशो की करीब 15 वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। मृतक प्रमोद के भाई धर्मवीर ने बताया कि 3 माह पूर्व उसके पिता रामकृपाल की भी मौत हो गयी थी। प्रमोद की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
| अभी तक पाठक संख्या |