'AAP' southern states में वृहद पैमाने पर चलाएगी सदस्यता अभियान, निकालेगी पदयात्रा - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, मार्च 12, 2022

'AAP' southern states में वृहद पैमाने पर चलाएगी सदस्यता अभियान, निकालेगी पदयात्रा

नयी दिल्ली। पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली भारी सफलता से उत्साहित आम आदमी पार्टी (आप) ने दक्षिणी राज्यों में वृहद पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाने का फैसला किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता सोमनाथ भारती ने शुक्रवार को कहा कि आप तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, अंडमान-निकोबार द्बीपसमूह और लक्षद्बीप में सदस्यता अभियान शुरू करेगी।

उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ''आप को पंजाब में मिली धमाकेदार जीत के बाद दक्षिणी क्षेत्रों के लोगों ने हमारे दल के प्रति रुचि दिखाई है। हमें दक्षिण भारत से अभूतपूर्व प्रतिक्रिया मिली है।उन्होंने कहा, ''लोगों के रुख को देखते हुए और दक्षिणी राज्यों में हमारी टीम को मिल रही प्रतिक्रिया पर गौर करते हुए हमने पूरे इलाके में सदस्यता अभियान चलाने का फैसला किया है।

भारती ने कहा कि सदस्यता अभियान पार्टी के स्थानीय समूहों द्बारा आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा, ''मैं लोगों का आह्वान करता हूं कि जो भारतीय राजनीति में बदलाव चाहते हैं, वे आप से जुड़ें और क्रांति का हिस्सा बनें।भारती ने बताया कि पार्टी ने दक्षिणी राज्यों में चरणबद्ध तरीके से पदयात्रा निकालने का भी फैसला किया है। उन्होंने बताया, '' 14 अप्रैल को बाबा साहेब आम्बेडकर की जयंती पर हमारी पहली पदयात्रा तेलंगाना से शुरू होगी। हम क्षेत्र के प्रत्येक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में जाएंगे, हम इलाके के हर घर तक (अरविद) केजरीवाल की राजनीति, बाबा साहेब और भगत सिह के विचारों को पहुचाएंगे।

भारती ने कहा कि इस दौरान दिल्ली के लोगों के जीवन में आए बदलाव को रेखांकित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 के कर्नाटक और तेलंगाना विधानसभा चुनाव में आप ने दक्षिणी राज्यों में पैठ बनाने की कोशिश की थी लेकिन उसका खाता भी नहीं खुल पाया था।