| मौके पर पूछताछ करती पुलिस व मृतक वीरपाल की फाइल फोटो |
जिला संभल के गुन्नौर क्षेत्र में बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) चुनाव को लेकर चली आ रही रंजिश में गत रात्रि खेत से लौट रहे किसान पर दूसरे पक्ष ने लाठी डंडों से हमला कर दिया और फरार हो गए। शोर सुनकर पहुंचे आसपास के लोग व परिजनों ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से अलीगढ़ ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता ने चुनाव की रंजिश के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। समाचार भेजे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गयी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुन्नौर थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया निवासी किसान वीरपाल सिंह ने बीडीसी (क्षेत्र पंचायत सदस्य) चुनाव का चुनाव लड़ा था और जीत गए थे। इस चुनाव में उनके गांव का ही दूसरा पक्ष हार गया था। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष से रंजिश चली आ रही थी। कल शनिवार की रात करीब साढ़े दस बजे वीरपाल सिंह खेतों पर सिंचाई कर वापस घर आ रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने गांव में घुसते ही वीरपाल को रास्ते में घेर लिया और लाठी डंडों से जमकर पीटा। वीरपाल का शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। आरोपी वीरपाल को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।
परिजन वीरपाल को लेकर सीएचसी गुन्नौर पहुंचे। वहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ जाते समय रास्ते ही वीरपाल की मौत हो गई। मृतक वीरपाल के पिता राजपाल सिंह का आरोप है कि बीडीसी चुनाव में आरोपी पक्ष हार गया था। तभी से वह रंजिश रखते थे। इसी कारण उन्होंने वीरपाल की पीट-पीटकर हत्या की है। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
| अभी तक पाठक संख्या |