नहटौर - हर्षोल्लास व धूमधाम से निकले होली के जुलूस, पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद - News India 17 # खबर देश की - नजर दुनिया की #

Breaking


शनिवार, मार्च 19, 2022

नहटौर - हर्षोल्लास व धूमधाम से निकले होली के जुलूस, पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद

नहटौर नगर में होली की देर शाम निकाला जाने वाला गुलाल व दुल्हैंडी की दोपहर को निकाला जाने वाला रंग का जुलूस हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ निकाला गया। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बररते हुए पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किये थे। जुलूसों के दौरान ढोल की थाप व डीजे पर बज रहे होली के गीतों की धुन पर हुरियारे जमकर थिरके। ये जुलूस जहाँ से भी निकले वातावरण में रंग गुलाल की छटा बिखरती गयी और माहौल पूर्णतया रंगो से सराबोर हो उठा। 


पाठको को बताना उचित होगा कि होली उत्तर भारत के मुख्य त्यौहारों में से एक है। इस त्यौहार को विभिन्न स्थानों पर कई प्रकार से मनाया जाता है। मथुरा की लठमार होली व बरसाने के फूलो वाली होली विश्व भर में विख्यात है। इसी प्रकार जिला बिजनौर में भी यह त्यौहार रंग की एकादशी से शुरू होकर होलिका दहन से अगले दिवस दुल्हैंडी तक लगातार 5 दिन मनाया जाता है। इस दौरान गांवों से नगरों तक विभिन्न आयोजन किये जाते है व रंग गुलाल के जुलूस निकाले जाते है। इस त्यौहार पर आपसी भेदभाव भुलाकर सभी रंगो से सराबोर होकर एक दूजे के गले लगकर शुभकामनाये देते है। इसी क्रम में जनपद के नहटौर नगर में भी रंग की एकादशी से दुल्हैंडी तक 3 जुलूस आदर्श होली हवन समिति के तत्वाधान में निकाले जाते है। पहला जुलूस रंग की एकादशी पर दोपहर को निकाला जाता है व इसके बाद एक जुलुस जिसे गुलाल का जुलूस कहा जाता है होली के दिन होलिका दहन से पूर्व शाम को निकाला जाता है जो देर रात समाप्त होता है। तीसरा व अंतिम जुलूस दुल्हैंडी के दिन दोपहर से निकाला जाता है और इस जुलूस में गीले रंगो का प्रयोग किया जाता है। 

पूर्व की भांति इस बार भी सभी जुलूस नगर में बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम से निकाले गए। होलिका दहन से पूर्व निकाले गए गुलाल के जुलूस ने जहाँ वातावरण को रंग बिरंगी धुंध से भर दिया वही दुल्हैंडी पर निकाले गए रंग के जुलूस ने नगर की गलियों व जुलूस मार्ग के किनारे स्थित मकानों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों को रंगो से रंग दिया। इन सभी जुलूसों में ढोल की थाप व डीजे पर बज रहे होली के गीतों की धुन पर हुरियारों की टोलिया जमकर थिरकी। इन जुलूसों में शामिल की गयी भारत माता, राधा कृष्ण आदि की आकर्षक झांकियो ने भी दर्शको का मन मोह लिया। इन जुलूसों का नगर भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थानों पर जलपान कराकर स्वागत किया गया। 

जुलूस में मुख्य रूप से आदर्श होली हवन समिति के अध्यक्ष विचित्र अग्रवाल, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के नगराध्यक्ष कपिल शर्मा, पूर्व भाजपा मंडलाध्यक्ष वैभव गोयल, भाजपा मंडलाध्यक्ष सिद्धांत जैन, उपमण्डलाध्यक्ष अंकुश अग्रवाल, ऋषभ जैन, न्यूज़ इंडिया 17 के मुख्य सम्पादक संजय कुमार शर्मा, कमल राठी, आशु जैन, शगुन वर्मा, प्रशांत वर्मा, अन्नू वर्मा, समाज सेवी शरद जैन, आशुतोष कौशिक, पकंज जैन, पारस जैन, संजय शर्मा (मुनीम जी) , सुनील चौधरी,  शादाब अहमद शाद आदि उपस्थित रहे। सभी जुलूसों दौरान सुरक्षा की दृष्टि से प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रभारी अपराध मुकेश चंद्र, क़स्बा प्रभारी उप निरीक्षक बबलू सिंह, उपनिरीक्षक संजीव कुमार सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। 

web counter
अभी तक पाठक संख्या